ई-कॉमर्स यूनिकॉर्न फर्स्टक्राय (FirstCry) ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए अपने वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। प्रोडक्ट्स की मांग बढ़ने के कारण FirstCry का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 135 प्रतिशत बढ़कर 5,633 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2021-22 में यह 2401 करोड़ रुपये रहा था। दूसरी ओर स्टार्टअप का शुद्ध घाटा (Net Loss) सालाना आधार पर 515 प्रतिशत बढ़कर वित्त वर्ष 2022-23 में 486 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 79 करोड़ रुपये रहा था। यह जानकारी Tofler के माध्यम से प्राप्त फाइलिंग से सामने आई है। घाटा बढ़ने की मुख्य वजह खर्च बढ़ना है।
स्टार्टअप FirstCry बच्चों के कपड़े, डायपर, साइकिल, खिलौने आदि बेचता है। यह अपना IPO लाने की तैयारी में है। FirstCry में जापान के दिग्गज निवेश बैंक सॉफ्टबैंक (Softbank) ने पैसा लगाया हुआ है। IPO की मदद से स्टार्टअप 50 करोड़ डॉलर (लगभग 4166.63 करोड़ रुपये) जुटाना चाहता है। इसके इसी सप्ताह अपने IPO के लिए पेपर्स दाखिल करने की उम्मीद है। स्टार्टअप लगभग 3.5-3.75 अरब डॉलर की वैल्यूएशन पर नजर गड़ाए हुए है।
FirstCry का कुल खर्च सालाना आधार पर वित्त वर्ष 2022-23 में 146 प्रतिशत बढ़कर 6,316 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2021-22 में 2,568 करोड़ रुपये था। मुख्य रूप से कर्मचारी-संबंधित उच्च खर्चों, फाइनेंस कॉस्ट और खरीद लागत समेत अन्य खर्चों के कारण स्टार्टअप के खर्च में बढ़ोतरी हुई।
सॉफ्टबैंक ने बेचे 630 करोड़ रुपये के शेयर
FirstCry की शेयर बाजारों में लिस्टिंग से पहले इसके शुरुआती निवेशक अपनी हिस्सेदारी कम कर रहे हैं और नए निवेशकों के लिए रास्ता बना रहे हैं। सॉफ्टबैंक ने हाल ही में FirstCry में 630 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं। कहा जा रहा है कि ये शेयर क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के पारिवारिक कार्यालयों, इंफोसिस को-फाउंडर क्रिस गोपालकृष्णन, मान्यवर के रवि मोदी समेत कई अन्य लोगों ने एक सेकेंडरी मार्केट ट्रांजेक्शन में खरीदे हैं।