गेम स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म लोको (Loco) ने अपने 40 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है। यह आंकड़ा कुल 110 कर्मचारियों का 36 प्रतिशत है। कंपनी ने कहा कि उसने यह निर्णय इसलिए लिया है क्योंकि वह कम लागत वाले स्ट्रक्चर पर फोकस कर रही है। छंटनी की घोषणा कर्मचारियों के साथ एक टाउनहॉल मीटिंग के दौरान की गई। लोको को साल 2018 में इसकी पेरेंट कंपनी Pocket Aces से अलग करके एक स्वतंत्र एंटिटी के तौर पर क्रिएट किया गया था। कंपनी में साउथ कोरिया की दिग्गज गेमिंग कंपनी Krafton और भारतीय वेंचर फर्म Lumikai जैसे निवेशकों का निवेश है।
लोको के पॉपुलर गेम्स में Clash of Clans, FreeFire, Call of Duty Mobile शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी टॉप ईस्पोर्ट्स टीम्स और टूर्नामेंट भी होस्ट करती है। ईस्पोर्ट्स टीम्स में Godlike, XO, Revenant Esports, 8bit, Global Esports, 7Sea esports, Skylightz Gaming और Hyderabad Hydras के नाम प्रमुख हैं।
लोको के फाउंडर अनिरुद्ध पंडिता ने मनीकंट्रोल को बताया, 'हमने हाल ही में लोको वीआईपी प्रोग्राम लॉन्च किया है। यह एक ट्रांजेक्शन बेस्ड प्रोग्राम है, जिसने अच्छा प्रदर्शन किया है। जब हम अपनी रणनीति की समीक्षा कर रहे थे, तो हमने लेनदेन पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया और सोचा कि यह एक ऐसा स्ट्रक्चर है जो टिकाऊ है। हम मॉनेटाइजेशन जैसे मुख्य उद्देश्यों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। इससे लोगों की नौकरियां चली गईं। यह परफॉरमेंस बेस्ड नहीं है। हमारे दृष्टिकोण से ट्रांजेक्शन प्रोग्राम्स, विज्ञापन की तुलना में अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। हमने प्रोडक्ट की मेरिट पर फोकस किया है। हमें कड़ा फैसला लेना पड़ा। ये लोग काफी समय से हमारे साथ थे। लेकिन हमें कंपनी के फायदे के लिए यह फैसला लेना पड़ा।
पंडिता ने कहा कि कंपनी की लॉन्ग टर्म स्थिति और स्थिरता को सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। उन्होंने आगे कहा, 'हम हमें छोड़ने वाले लोगों की बेहद परवाह करते हैं और उन्हें वित्तीय सहायता, चल रहे स्वास्थ्य बीमा और आउटप्लेसमेंट सर्विसेज प्रदान करेंगे। रिस्ट्रक्चरिंग से हमारी टीम के लगभग 40 लोग प्रभावित होंगे। हम लोको के अब तक के सफर में उनके योगदान के लिए उनके आभारी हैं।'
60 दिनों की सैलरी, जनवरी तक हेल्थ इंश्योरेंस
पंडिता ने यह भी कहा कि हालिया छंटनी के कारण ज्यादातर टीमें प्रभावित हुई हैं। इंगेजमेंट वाले इनीशिएटिव्स से जुड़ी टीमें; मार्केटिंग, टेक्नोलॉजी जैसी अन्य सपोर्ट टीम्स जो इन इनीशिएटिव्स को सपोर्ट कर रही थीं, उनके कर्मचारी सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा फाइनेंस और दूसरी टीमों में भी छंटनी हुई है। आगे कहा कि कंपनी निकाले जाने वाले लोगों को 60 दिनों की सैलरी देगी। इसके अलावा उनकी प्लेसमेंट में भी मदद की जाएगी। जनवरी तक उनके लिए हेल्थ इंश्योरेंस लागू रहेगा। पंडिता ने भरोसा दिलाया है कि आगे कंपनी में और कोई छंटनी नहीं होगी।