Swiggy पर टेक शेयरों में गिरावट की मार, इनवेस्को ने आंतरिक वैल्यूएशन घटाकर 5.3 अरब डॉलर की

अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी इनवेस्को (Invesco) ने अपने अकाउंटिंग बुक में फूड से लेकर ग्रॉसरी तक डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी (Swiggy) का वैल्यूएशन घटाकर 5.3 अरब डॉलर कर दिया है। दिसंबर तिमाही की अपने नियामकीय फाइलिंग में इनवेस्कों ने स्विगी की वैल्यूएशन 5.3 अरब डॉलर दिखाई है

अपडेटेड Mar 31, 2023 पर 10:08 PM
इनवेस्को ने पिछले साल जनवरी में पहली बार स्विगी में निवेश किया था

अमेरिकी एसेट मैनेजमेंट कंपनी इनवेस्को (Invesco) ने अपने अकाउंटिंग बुक में फूड से लेकर ग्रॉसरी तक डिलीवर करने वाली कंपनी स्विगी (Swiggy) का वैल्यूएशन घटाकर 5.3 अरब डॉलर कर दिया है। दिसंबर तिमाही की अपने नियामकीय फाइलिंग में इनवेस्कों ने स्विगी की वैल्यूएशन 5.3 अरब डॉलर दिखाई है, जो इसकी पिछली तिमाही में 8 अरब डॉलर था। इसके चलते, फंड के टोटल नेट एसेट्स (TNA) में स्विगी की वैल्यू अब घटकर 0.36 प्रतिशत आ गई है, जो पहले 0.58 प्रतिशत था। इनवेस्को ने पहली बार स्विगी में पिछले साल जनवरी में इनवेस्को इमर्जिंग मार्केट्स इक्विटी ट्रस्ट के माध्यम से निवेश किया था।

स्विगी ने उस फंडिंग राउंड में 70 करोड़ डॉलर जुटाए थे और इनवेस्को उस राउंड में सबसे बड़ी निवेशक थी। स्विगी ने तब एक बयान में कहा था कि उसने यह फंड 10.7 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर जुटाया है। हालांकि इनवेस्को ने मार्च 2022 की नियामकीय फाइलिंग में इस फूड टेक कंपनी की वैल्यू 8.6 अरब डॉलर दिखाई थी। तब से, इस अमेरिकी फंड हाउस ने हर तिमाही फाइलिंग में स्विगी के वैल्यूएशन को कम किया है।

स्विगी ने खबर लिखे जाने तक मनीकंट्रोल के भेजे सवालों का जवाब नहीं दिया था।


इनवेस्कों ने आतंरिक रूप से स्विगी का वैल्यूएशन ऐसे समय में घटाया है, जब कई निवेशक दुनिया भर में टेक कंपनियों के वैल्यूएशन का पुनर्मूल्यांकन कर रहे हैं। इससे पहले सिंतबर में सॉफ्टबैंक ने ओयो का वैल्यूएशन आतंरिक रूप से 10 अरब डॉलर से घटाकर 2.7 अरब डॉलर कर दिया था।

यह भी पढ़ें- RIL Shares: रिलायंस इंडस्ट्रीज में तेजी से ऊपर चढ़ा निफ्टी, कंपनी ने जियो फाइनेंशियल के डीमर्जर के लिए उठाया बड़ा कदम

वहीं नवंबर 2022 में प्रॉसस ने बायजूस (Byju’s) में अपनी 9.67 फीसदी हिस्सेदारी की वैल्यू 57.8 डॉलर लगाई थी, जिसका मतलब है कि बायजूस का वैल्यूएशन करीब 6 अरब डॉलर बैठता है। जबकि बायजूस की पिछली वैल्यूएशन 22 अरब डॉलर जाती है।

इससे पहले 31 मार्च को ऑनलाइन न्यूज वेबसाइट द आर्क की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि दुनिया की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैकरॉक ने बायजू के मूल्यांकन को आंतरिक रूप से 50 प्रतिशत घटा दिया है।

स्विगी की वैल्यूएशन को घटाने की खबर ऐसे समय में आई है, जब इसकी प्रतिद्वंदी कंपनी जोमैटो के शेयरों में पिछले एक साल में भारी गिरावट आई है। Zomato का मार्केट कैपिटलाइदेशन पिछले 12 महीनों में करीब 40 प्रतिशत गिरा है। 31 मार्च के बाजार भाव पर Zomato का मार्केट कैप 42.54 हजार करोड़ रुपये या लगभग 5.2 बिलियन डॉलर था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।