बिजनेस टायकून मुकेश अंबानी की अगुआई वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयर शुक्रवार 31 मार्च को 4.31% की जोरदार तेजी के साथ बंद हुए। कंपनी के शेयरों में यह तेजी इस खबर के बाद आई कि उसके सिक्योर्ड क्रेडिटर्स, अनसिक्योर्ड क्रेडिटर्स और शेयरहोल्डर्स की आगामी 2 मई को बैठक होगी, जिसमें रिलायंस स्ट्रैटजिक वेंचर्स (Reliance Strategic Ventures) के डीमर्जर के प्रस्ताव को मंजूरी दी जाएगी। यानी अब इस यूनिट को रिलायंस इंडस्ट्रीज से तोड़कर एक अलग कंपनी बनाई जाएगी। रिलायंस स्ट्रैटजिक वेंचर्स , ऑयल से लेकर टेलीकॉम तक के कारोबार में मौजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज की फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी है।
डीमर्जर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस कंपनी का नाम बदलकर 'जियो फाइनेंशिल सर्विसेज (Jio Financial Services)' कर दिया जाएगा। फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस के डीमर्ज कर अलग स्वतंत्र कंपनी बनाने का लाभ यह होगा कि ये कंपनी अब वित्तीय सेवाओं पर एक्सक्लूसिव रूप से ध्यान दे पाएगी और इस सेगमेंट में मौजूद अवसरों की खोज करेगी।
नोमुरा (Nomura) ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसके आने वाले महीनों में होने की उम्मीद है। ब्रोकरेज उम्मीद करता है कि RIL अपनी आगामी सालाना जनरल मीटिंग (AGM) में फाइनेंशियल सेक्टर में ग्रोथ के लिए एक मजबूत रोडमैप तैयार करेगा।
मैक्वेरी (Macquarie) का मानना है कि Jio Financial Services की वैल्यू 1.52 लाख करोड़ रुपये से अधिक होगी और यह भारत की पांचवीं सबसे बड़ी फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी बन जाएगी।
नोमुरा ने दिया 2,850 रुपये का टारगेट
नोमुरा ने कहा रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को 'खरीद (BUY)' रेटिंग दी है और इसके लिए 2,850 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह इसके मौजूदा बाजार भाव से करीब 23.5 फीसदी अधिक है। ब्रोकरेज फर्म ने कहा कि शेयर की कीमत में हालिया गिरावट इंडेक्स से जुड़ी बिकवाली के चलते आई थी। हालांकि कंपनी के कारोबार के लिए आउटलुक अभी भी मजबूत बना हुआ है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।