अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म इनवेस्को (Invesco) ने ऑनलाइन फूड और ग्रॉसरी डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) के वैल्यूएशन में आखिरकार इजाफा कर दिया है। इससे पहले इनवेस्को ने पिछले 4 महीने में 2 बार स्विगी के वैल्यूएशन को घटाया था। इनवेस्को ने अमेरिकी रेगुलेटर को भेजे एक डॉक्यूमेंट में स्विगी की वैल्यूएशन 7.85 अरब डॉलर आंकी है। यह जुलाई में लगाए 5.5 अरब डॉलर के वैल्यूएशन से करीब 2.35 अरब डॉलर अधिक है। स्विगी ने पिछले साल जनवरी में एक फंडिंग राउंड के जरिए 70 करोड़ डॉलर की रकम जुटाई थी। इनवेस्को इस फंडिंग राउंड की सबसे बड़ी निवेशक थी।
इनवेस्को ने स्विगी के वैल्यूएशन में पिछले आकलन से करीब 42 फीसदी का इजाफा किया है। हालांकि इसके बावजूद इस स्टार्टअप का वैल्यूएशन जनवरी 2022 के वैल्यूएशन के मुकाबले करीब 30 फीसदी कम है।
इनवेस्को ने पिछले साल जनवरी में 10.7 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर स्विगी में निवेश किया था। उस वक्त फूड डिलीवरी मार्केट में काफी तेज उछाल देखा रहा था। हालांकि उसके बाद से स्विगी और उसकी प्रतिद्वंदी कंपनी जोमैटो (Zomato) दोनों ने ही यह बात स्वीकार किया है कि फूड डिलीवरी मार्केट ने अपनी चमक खोई है और पहले के मुकाबले धीमी गति से बढ़ रहा है।
स्विगी के फेयर वैल्यू में इजाफे के साथ ही यह अब जोमैटो के वैल्यूएशन के कुछ करीब पहुंच गई है। जोमैटो का जुलाई में वैल्यूएशन 7.7 अरब डॉलर था। हालांकि तब से कंपनी की वित्तीय सेहत में सुधार की खबरों के चलते इसके शेयरों में 30 फीसदी का उछाल आ चुका है और फिलहाल इसका वैल्यूएशन करीब 11 अरब डॉलर हो गया है।
स्विगी भी अगले 2024 में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारी कर रही है और इससे पहले अपनी वित्तीय सेहत को सुधारने के उपाय कर रही है। कंपनी ने हाल ही में अपने सभी फूड ऑर्डर पर ग्राहकों से प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू किया। यह प्लेटफॉर्म 2 से 5 रुपये के बीच लिया जा रहा है।