ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी (Swiggy) कै वैल्यूएशन में अमेरिकी इनवेस्टमेंट फर्म इनवेस्को (Invesco) ने लगातार दूसरी बार इजाफा किया है। इनवेस्को ने एक नियामकीय फाइलिंग में स्विगी का वैल्यूएशन बढ़ाकर 8.3 अरब डॉलर आंका है। प्राइवेट मार्केट से जुड़े आंकड़े मुहैया कराने वाली फर्म ट्रैक्सन के मुकाबिक, स्विगी में इनवेस्को की करीब 2 फीसदी हिस्सेदारी है। नियामकीय फाइलिंग्स के मुताबिक, इनवेस्को ने करीब 19.05 करोड़ डॉलर के निवेश से यह 2 फीसदी हिस्सेदारी या कंपनी के 28,844 शेयर खरीदे थे। अब अक्टूबर 2023 में एक नियामकीय फाइलिंग में इनवेस्को ने इस हिस्सेदारी की वैल्यूएशन 14.76 करोड़ डॉलर आंकी है। इस हिसाब से पूरी स्विगी कंपनी की वैल्यूएशन करीब 8.3 अरब डॉलर बैठती है।
