PhonePe ला रही अपना ऐप स्टोर, इन-ऐप पेमेंट्स पर नहीं लेगी कोई कमीशन

इस साल PhonePe अब तक General Atlantic, Tiger Global, Ribbit Capital, TVS Capital और पेरेंट कंपनी Walmart से 85 करोड़ डॉलर से ज्यादा जुटा चुकी है। Indus Appstore के अपनी पेशकशों की मॉनेटाइजिंग, एटवर्टाइजिंग और डेवलपर्स के लिए वैल्यू एडेड सर्विसेज के माध्यम से करने की संभावना है। PhonePe का ऐप स्टोर, डेवलपर्स को अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में अपने ऐप को लिस्ट करने की अनुमति देगा

अपडेटेड Sep 23, 2023 पर 1:08 PM
अप्रैल 2023 में PhonePe के को-फाउंडर समीर निगम ने एक इंटरव्यू में एक ऐप स्टोर क्रिएट करने के प्लान की पुष्टि की थी।

वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली PhonePe, डेवलपर्स के लिए अपना मोबाइल ऐप स्टोर ला रही है। कंपनी मोबाइल ऐप डिस्ट्रीब्यूशन में Google-Apple के एकाधिकार को चुनौती देना चाहती है। मनीकंट्रोल को मिली जानकारी के मुताबिक, PhonePe के ऐप स्टोर का नाम इंडस ऐप स्टोर होगा। यह डेवलपर्स को अपने ऐप को प्लेटफॉर्म पर पब्लिश करने के लिए इन्वाइट करेगा। इंडस ऐप स्टोर पर ऐप्स की लिस्टिंग पहले साल फ्री होगी। उसके बाद सालाना मामूली फीस का भुगतान करना होगा। यह फीस कितनी होगी, अभी तक यह सामने नहीं आया है। इंडस ऐप स्टोर, डेवलपर्स से इन-ऐप परचेसेज पर कोई फीस या कमीशन चार्ज नहीं करेगा। Google और Apple के ऐप स्टोर्स की बात करें तो ये दोनों कंपनियां इन-ऐप परचेसेज और पेड ऐप सेल्स पर डेवलपर्स से 15-30 प्रतिशत शुल्क लेती हैं।

जुलाई 2022 में PhonePe ने लंबी कानूनी लड़ाई के बाद एक स्वदेशी एंड्रॉयड कंटेंट और ऐप डिस्कवरी प्लेटफॉर्म इंडस OS का अधिग्रहण किया था। अप्रैल 2023 में PhonePe के को-फाउंडर समीर निगम ने एक इंटरव्यू में एक ऐप स्टोर क्रिएट करने के प्लान की पुष्टि की थी। 22 सितंबर को लाइव हुई वेबसाइट के अनुसार, फोनपे का ऐप स्टोर डेवलपर्स को अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में अपने ऐप को लिस्ट करने की अनुमति देगा। इसके अलावा वे इन भाषाओं में अपनी ऐप लिस्टिंग्स में मीडिया और वीडियो भी अपलोड कर सकेंगे।

मिलेगा 24x7 सपोर्ट


इंडस ऐपस्टोर 24x7 के डेडिकेटेड इंडिया-बेस्ड सपोर्ट का भी दावा करता है। ऐप स्टोर डेवलपर फ्रेंडली और ट्रांसपेरेंट पॉलिसीज की भी पेशकश करेगा। यह भी कहा गया है कि इंडस ऐप स्टोर जल्द ही एक कंज्यूमर-फेसिंग ऐप लॉन्च करेगा। ऐप में फीचर्ड ऐप्स, टॉप ऐप्स, टॉप गेम्स और न्यूज ऐप्स जैसे सेक्शन होंगे। साथ ही गेम्स, एक्सप्लोर पेज और उनकी अकाउंट गतिविधि को मैनेज करने के लिए डेडिकेटेड टैब होंगे। ऐप्स को अपनी पसंदीदा भाषा में देखने के लिए भाषाओं के बीच टॉगल भी किया जा सकता है। यूजर्स, सर्च बार की मदद से अपने पसंदीदा ऐप्स और गेम सर्च कर सकेंगे।

‘नोटिस पीरियड’ पर Akasa Air ने दिल्ली हाईकोर्ट से मांगा क्लैरिफिकेशन, बोली- DGCA के नहीं खिलाफ

PhonePe के 48 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर

PhonePe को दिसंबर 2015 में समीर निगम, राहुल चारी और बुर्जिन इंजीनियर ने शुरू किया था। इसके अभी तक 48 करोड़ से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर हो चुके हैं। कंपनी 1 अरब डॉलर की फंडिंग जुटाने की प्रॉसेस में है। इस साल फोनपे अब तक General Atlantic, Tiger Global, Ribbit Capital, TVS Capital और पेरेंट कंपनी Walmart से 85 करोड़ डॉलर से ज्यादा जुटा चुकी है। Indus Appstore के अपनी पेशकशों की मॉनेटाइजिंग, एटवर्टाइजिंग और डेवलपर्स के लिए वैल्यू एडेड सर्विसेज के माध्यम से करने की संभावना है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।