Unacademy: अनएकेडमी के कर्मचारियों की इस साल नहीं बढ़ेगी सैलरी, कैश की जगह अप्रेजल में स्टॉक ऑप्शन देगी कंपनी

सॉफ्टबैंक के निवेश वाली कंपनी अनएडेकमी (Unacademy) इस साल अपने कर्मचारियों को कैश में अप्रेजल नहीं देने का फैसला किया। इसका मतलब है कि कर्मचारियों की इस साल अप्रेजल में कोई सैलरी नहीं बढ़ेगी। इसकी जगह कंपनी अपने कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर स्टॉक ऑप्शन देगी। यह कंपनी की ओर से अपनी लागत घटाने को लेकर उठाया एक और कदम है

अपडेटेड Feb 02, 2023 पर 8:45 PM
Unacademy खुद को जल्द से जल्द मुनाफे में लाने की कोशिश कर रही है

सॉफ्टबैंक के निवेश वाली कंपनी अनएडेकमी (Unacademy) इस साल अपने कर्मचारियों को कैश में अप्रेजल नहीं देने का फैसला किया। इसका मतलब है कि कर्मचारियों की इस साल अप्रेजल में कोई सैलरी नहीं बढ़ेगी। यह कंपनी की ओर से अपनी लागत घटाने को लेकर उठाया एक और कदम है। स्टार्टअप इकोसिस्टम में इस समय फंडिंग की कमी देखी जा रही है। ऐसे में अनएकेडमी खुद को जल्द से जल्द मुनाफे में लाने की कोशिश कर रही है। कैश की जगह कंपनी अपने कर्मचारियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर स्टॉक ऑप्शन देगी। अनएकेडमी के को-फाउंडर और सीईओ गौरव मुंजाल ने कर्मचारियो को भेजे एक इंटरनल नोट में यह जानकारी दी। मनीकंट्रोल ने इस नोट का एक स्क्रीनशॉट देखा है।

मुंजाल ने कर्मचारियों को बताया, "हमें अपना ध्यान मुनाफे में आने पर लगाना होगा। हम चाहते हैं कि अनएकेमडमी जब अपना IPO लाए, तो उसके पहले वह कम से कम 4 तिमाहियों में मुनाफा दर्ज कर चुकी हो।"

उन्होंने कहा, "इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए, हमने इस साल किसी भी तरह कैश में अप्रेजल नहीं करने का फैसला किया है। इसकी जगह हम सभी को उनके प्रदर्शन के आधार पर 'स्टॉक ऑप्शन' इनाम में देंगे। मुझे पता है कि एक साल पूरी मेहनत करने के बाद यह सुनना निराशाजनक है। लेकिन मैं चाहता हूं कि आप सब यह समझें यह बस एक दौर है।"


यह भी पढ़ें- Share Markets: निवेशकों को एक दिन में 69,000 करोड़ का घाटा, 'अडानी इफेक्ट' से लाल निशान में बंद हुआ निफ्टी

अनएकेमडमी को भेजे गए सवालों का खबर लिखे जाने तक जवाब नहीं मिल सका था।

अनएकेडमी ने कैश में अप्रेजल नहीं करने का फैसला ऐसे समय में किया है, जब वह मुनाफे में आने के लिए आक्रामक रूप से अपनी लागत में कटौती कर रही है। कंपनी ने साल 2022 की शुरुआत के बाद से विभिन्न शहरों और डिपार्टमेंट में 1,200 से अधिक लोगों की छंटनी की है। इसके अलावा, पिछले साल अप्रैल में कंपनी में करीब 6,000 कर्मचारी थी, जो अब आधी होकर 3,000 पर आ गई है।

जनवरी में कंपनी ने करीब 40 कर्मचारियों की छंटनी की थी। यह छंटनी उसके जॉब गारंटी देने वाले वर्टिकल 'Relevel' से की गई थी।

मुंजाल ने 2 फरवरी को कर्मचारियों को भेजे नोट में कहा, "मुझे लगता है कि 2023 पिछले साल के मुकाबले होगा क्योंकि हमने 2022 में ज्यादातर कंपनियों की तुलना में तेजी से कदम उठाए थे। मुझे विश्वास है कि 2023 में हमारे हिस्से बहुत सारी कामयाबी आएगी।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।