नतीजों में देरी के बीच Byju's ने अजय गोयल को नियुक्त किया नया CFO, जानें डिटेल

दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक कंपनी बायजूस (Byju's) अपने चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) पद के लिए वेंदाता के टॉप एग्जिक्यूटिव में शामिल अजय गोयल को लेकर आई है। उनकी नियुक्ति बायजूस के पिछले CFO के इस्तीफा देने के करीब एक साल बाद हुई है

अपडेटेड Apr 03, 2023 पर 11:45 PM
रवींद्र बायजू, बायजूस के फाउंडर और सीईओ

दुनिया की सबसे अधिक वैल्यूएशन वाली एडटेक कंपनी बायजूस (Byju's) अपने चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) पद के लिए वेंदाता के टॉप एग्जिक्यूटिव में शामिल अजय गोयल को लेकर आई है। उनकी नियुक्ति बायजूस के पिछले CFO के इस्तीफा देने के करीब एक साल बाद हुई है। बायजूस (Byju's) वित्त वर्ष 2022 के नतीजों को दाखिल करने में 6 महीने से अधिक की देरी कर चुकी है। ऐसे में अजय गोयल की नियुक्ति को कंपनी के लिए अहम माना जा रहा है। इस मामले से वाकिफ लोगों ने मनीकंट्रोल को बताया कि बायजू के पिछले CFO, पीवी राव ने दिसंबर 2021 में पद छोड़ा था।

वहीं गोयल की नियुक्ति इसके करीब 16 महीने बाद हुई है। अजय गोयल इससे पहले अरबपति उद्योगपति अनिल अग्रवाल की कंपनी वेदांता रिसोर्सेज के ग्रुप डिप्टी सीएफओ थे।

Byju's ने अभी तक कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) के पास अपने वित्त वर्ष 2022 के नतीजे दाखिल नहीं किए हैं। नियमों के मुताबिक, गैर-सूचीबद्ध कंपनियों को वित्त वर्ष खत्म होने के महीने के अंदर अपने सालाना वित्तीय नतीजों को MCA के पास जमा कराना होता है।


यह भी पढ़ें- 2030 तक इंसानों को अमर बना देगी टेक्नोलॉजी, गूगल के पूर्व-इंजीनियर ने किया दावा

Byju's ने अपने वित्त वर्ष 2021 के नतीजे भी करीब 18 महीने की देरी से दाखिल किए थे और कंपनी के रेवेन्यू में आश्चर्यजनक रूप से गिरावट की जानकारी दी थी। वहीं कंपनी का घाटा कई गुना बढ़कर 4,500 करोड़ रुपये से अधिक हो गया था।

अजय गोयल की नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब बायजूस इस महीने एक बड़ा फंड जुटाने की तैयारी कर रही है। मनीकंट्रोल ने इससे पहले एक रिपोर्ट में बताया था कि कंपनी 22 अरब डॉलर के वैल्यूएशन पर 25 करोड़ डॉलर के इक्विटी फंडिंग सौदा को पूरा कर सकती है।इसकी टर्म शीट भी करीब दो-तीन हफ्ते में बंद हो जाएगी। वहीं इस पूरे मामले से जुड़े एक और सूत्र ने बताया कि ये फंडिंग पूरी तरह से इक्विटी डील के तहत जुटाई जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।