कौन हैं विराट कोहली की बिजनेस पार्टनर अंजना रेड्डी, जिन्होंने कम समय में खड़ी कर ली 1200 करोड़ की कंपनी

अंजना रेड्डी ने अमेरिका में पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने इलिनोइस यूनिवर्सिटी से फाइनेंस में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की। फिर 2011 में वह एक बिजनेस आइडिया लेकर भारत लौट आईं। कपड़ा कंपनी रॉगन (Wrogn) की स्थापना अंजना रेड्डी ने ही की थी, जो अब विराट कोहली की बिजनेस पार्टनर हैं। साल 2018 में कंपनी ने 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का वैल्यूएशन हासिल किया था

अपडेटेड Jul 04, 2023 पर 6:05 PM
Anjana Reddy: खबरों की मानें तो 2022 में उनकी कुल संपत्ति लगभग 300 करोड़ रुपये थी

टीम इंडिया के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) क्रिकेट के अलावा कई अन्य स्रोतों से भी पैसा कमाते हैं। वह कई कंपनियों में निवेश किए हैं। बहुत कम लोग जानते हैं कि कपड़ा कंपनी रॉगन (Wrogn) में भी उनकी हिस्सेदारी है। फोर्ब्स (Forbes) के मुताबिक, इस ब्रांड को बनाने वाली कंपनी में विराट का पैसा लगा हुआ है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्होंने इस ब्रांड को शुरू नहीं किया था, बल्कि वह एक निवेशक के तौर पर इससे जुड़े थे। दरअसल, इस ब्रांड की स्थापना अंजना रेड्डी (Anjana Reddy) ने की थी, जो अब विराट कोहली की बिजनेस पार्टनर हैं।

कौन हैं अंजना रेड्डी?

अंजना रेड्डी ने अमेरिका में पर्ड्यू यूनिवर्सिटी (Purdue University) से ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने इलिनोइस यूनिवर्सिटी (University of Illinois) से फाइनेंस में मास्टर ऑफ साइंस की डिग्री हासिल की। फिर 2011 में वह एक बिजनेस आइडिया लेकर भारत लौट आईं। यहां आकर उन्होंने क्रिकेट से जुड़ी यादगार चीजों को बेचने के आइडिया को एक कंपनी के सामने पेश किया। कंपनी उनके स्टार्टअप में निवेश के लिए राजी हो गई। लेकिन उसने शर्त यह रखी कि वह महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को अपने ब्रांड के साथ जोड़े और आखिरकार उन्होंने ऐसा कर दिखाया। उनसे मिलने के बाद सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) उनकी कंपनी यूनिवर्सल स्पोर्ट्सबिज़ प्राइवेट लिमिटेड (USPL) में निवेश करने के लिए सहमत हो गए।


शुरू की नई कंपनी

अंजना रेड्डी ने कलेक्टबिलिया (Collectabillia) नाम की कंपनी शुरू की। हालांकि उनका ये बिजनेस मॉडल फेल हो गया। इसके बाद उन्होंने सचिन तेंदुलकर की पुरानी टी-शर्ट को इंटरनेट पर बेचना शुरू किया। उनका यह आइडिया चल गया। उन्होंने फिर इसी सेक्टर में आगे बढ़ने का विचार किया और रिटेल की नॉलेज के बिना ही उन्होंने कपड़ों के बिजनेस में एंट्री करने का मन बना लिया। इसके बाद उन्होंने कई ब्रांड्स की शुरुआत की और अपने साथ बड़ी-बड़ी हस्तियों को जोड़ा।

अब उनका लक्ष्य मशहूर हस्तियों को अपने ब्रांडों से जोड़ना था। इसके बाद उन्होंने रॉगन (Wrogn), इमारा (Imara) और मिस टेकन (Ms Taken) जैसे ब्रांड बनाए। फिर उन्होंने कई अन्य ब्रांड भी शुरू की, जिसे सचिन तेंदुलकर के अलावा कई अन्य दिग्गजों का समर्थन मिला। Ms Taken को उन्होंने एक्ट्रेस कृति सेनन के साथ शुरू किया, जिसे एक्टर आदित्य रॉय कपूर का भी समर्थन प्राप्त है।

AnjanaReddy_virat

वहीं, Wrogn के लिए उन्हें टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली का साथ मिला, जो इस कंपनी के निवेशक भी हैं। साथ ही विराट कंपनी के ब्रांड एंबेसडर भी हैं। बाद में, उन्होंने पैंटालून रिटेल और फ्यूचर ग्रुप के माध्यम से उत्पादों का डिस्ट्रीब्यूटिंग शुरू किया। अंजना रेड्डी के सभी ब्रांड Shoppers Stop और Myntra पर उपलब्ध हैं। रिटेल का कोई अनुभव न होने के बावजूद अंजना रेड्डी ने यह उपलब्धि हासिल की।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र में अब विभागों के बंटवारे को लेकर रस्साकसी, अजित पवार को वित्त मंत्रालय नहीं देना चाहता शिंदे गुट

300 करोड़ रुपए का है नेटवर्थ

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंजना रेड्डी की कंपनी ने कुल 81.5 मिलियन डॉलर की फंडिंग हासिल की है। 2021 में उन्होंने 5.23 मिलियन डॉलर की कमाई की थी। साल 2018 में कंपनी ने 1200 करोड़ रुपये से ज्यादा का वैल्यूएशन हासिल किया था। खबरों की मानें तो 2022 में उनकी कुल संपत्ति लगभग 300 करोड़ रुपये थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।