Tata Investment Share Price: टाटा ग्रुप (Tata Group) की फाइनेंशियल इकाई टाटा इंवेस्टमेंट (Tata Investment) के शेयरों में खरीदारी का रूझान बना हुआ है। आज 14 सितंबर को इसके शेयर 19 फीसदी से अधिक की उछाल के साथ बीएसई पर इंट्रा-डे में 2,618.20 रुपये के भाव पर पहुंच गए।
यह अब तक का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर पर है। हालांकि इसके बाद प्रॉफिट बुकिंग के चलते इसमें थोड़ी गिरावट आई और अभी यह करीब 15% की तेजी के साथ 2521 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
पांच दिन में 40 फीसदी मजबूत हुए भाव
टाटा इंवेस्टमेंट के शेयरों में लगातार खरीदारी का रूझान दिख रहा है और इसके भाव मजबूत हो रहे हैं। पिछले पांच कारोबारी दिनों की बात करें तो यह 40 फीसदी से अधिक मजबूत हुआ है। 8 सितंबर को इसके शेयर 1805.55 रुपये के भाव पर थे।
टाटा इंवेस्टमेंट की प्रमोटर टाटा सन्स है। यह एक गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) है। पहले इसका नाम इंवेस्टमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया था। यह अलग-अलग इंडस्ट्री की कंपनियों की इक्विटी, लिस्टेड और अनलिस्टेड कंपनियों में इक्विटी निवेश और डेट इंस्ट्रूमेंट्स में निवेश करती है। टाटा इंवेस्टमेंट की आय का मुख्य स्रोत डिविडेंड, ब्याज और निवेश की बिक्री पर हुआ मुनाफा है।
वित्तीय स्थिति के बारे में डिटेल्स
चालू वित्त वर्ष 2022-23 की पहली तिमाही अप्रैल-जून 2022 कंपनी के लिए शानदार रही और इसका कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट डिविडेंड से अधिक आय के दम पर सालाना आधार पर 66.5 फीसदी उछलकर 89.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी को जून 2022 तिमाही में 74 करोड़ रुपये का डिविडेंड मिला था जबकि एक साल पहले की समान तिमाही में यह 41 करोड़ रुपये था।
रेवेन्यू की बात करें तो समान अवधि में यह 62 करोड़ रुपये से बढ़कर 102 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इस अवधि में कंपनी का खर्च भी बढ़ा। जून 2022 तिमाही में टोटल खर्च सालाना आधार पर 6 करोड़ रुपये से उछलकर 11 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।