Tesla ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों का लॉन्च करने का प्लान टाला, सरकार के साथ इंपोर्ट टैक्स पर नहीं बनी बात

दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क (Elon Musk) की कंपनी टेस्ला (Tesla) ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों को लॉन्च करने का प्लान फिलहाल टाल दिया है

अपडेटेड May 13, 2022 पर 7:35 PM
सरकार के प्रतिनिधियों और टेस्ला के बीच करीब एक साल से बातचीच आगे नहीं बढ़ रही थी

दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलॉन मस्क (Elon Musk) की कंपनी टेस्ला (Tesla) ने भारत में अपनी इलेक्ट्रिक कारों को लॉन्च करने का प्लान फिलहाल टाल दिया है। कंपनी कुछ दिनों पहले तक भारत में अपने इलेक्ट्रिक कारों के लिए शोरूम तलाश कर रही थी। हालांकि सरकार से इंपोर्ट टैक्स में कटौती का वादा नहीं मिलने के चलते कंपनी ने अब अपनी योजना को फिलहाल रोक दिया है। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने तीन सूत्रों के जरिए यह जानकारी दी है।

रिपोर्ट के मुताबिक सरकार के प्रतिनिधियों और टेस्ला के बीच करीब एक साल से बातचीच आगे नहीं बढ़ रही थी, जिसके बाद कंपनी ने यह फैसला किया है। टेस्ला चाहती थी कि चीन और अमेरिका में बनी उसकी कारों को भारत सरकार कम इंपोर्ट ड्यूटी के साथ देश में लॉन्च करने की इजाजत दे, जिससे वह बाजार में मौजूद मांग का अंदाजा लगा सके।

वहीं सरकार चाहती थी कि इंपोर्ट टैक्स में कटौती से पहले टेस्ला भारत में ही प्लांट लगाकर अपनी कारों का उत्पादन करने का वादा करें। विदेशों से इंपोर्ट होकर आने वाली गाड़ियों पर 100 फीसदी तक इंपोर्ट ड्यूटी लगती है।


यह भी पढ़ें- Rakesh Jhunjhunwala के निवेश वाले इस शेयर पर दांव लगाने से 75 फीसदी मिल सकता है रिटर्न

एक सूत्र ने बताया था टेस्ला ने अपने पक्ष में जो लॉबिइंग की थी, उसका फायदा मिला या नहीं, यह देखने के लिए उसने 1 फरवरी तक की डेडलाइन रखी थी। इसी दिन केंद्र सरकार ने बजट पेश किया था और कई सेक्टर्स के लिए टैक्स में बदलावों का ऐलान किया था। प्रधानमंत्री मोदी की अगुआई वाली सरकार ने बजट में जब कारों के इंपोर्ट पर किसी तरह के छूट का ऐलान नहीं किया, तब टेस्ला ने भारत में अपनी कारों को बेचने की योजना को रोक दिया।

दो सूत्रों ने बताया कि इससे पहले कई महीनों तक टेस्ला नई दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु सहित देश के कुछ प्रमुख शहरों में अपने शोरूम और सर्विस सेंटर के लिए जगह तलाश रही थी। हालांकि अब इसे रोक दिया गया है। भारत सरकार और टेस्ला ने इस खबर पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

टेस्ला ने भारत में अपनी कारों की लॉन्चिंग के लिए छोटी टीम भी हायर की थी। हालांकि अब इस टीम को दूसरे देशों के बाजारों के लिए जिम्मेदारियां दी गई। कंपनी के इंडिया पॉलिसी एग्जिक्यूटिव मनुज खुराना के लिंक्डइन प्रोफाइल से पता चलता है कि वह मार्च से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्कों में 'प्रोडक्ट' टीम में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।