आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी इंफोसिस (Infosys) ने बुधवार 14 दिसंबर को अपनी स्थापना के 40 साल पूरे किए। इस मौके पर कंपनी के फाउंडरों- एनआर नारायण मूर्ति (NR Narayana Murthy), नंदन नीलेकणि (Nandan Nilekani), एस गोपालकृष्णन (S Gopalakrishnan), एस डी शिबूलाल (S D Shibulal) और के दिनेश (K Dinesh) ने बेंगलुरु में आयोजिक एक कार्यक्रम में कंपनी को लेकर अपनी यादें साझा की। यह कार्यक्रम भले इंफोसिस का 40वां साल पूरा होने को लेकर था, लेकिन इस दौरान कंपनी के अगले 60 सालों की योजना पर भी मंथन दिखा। कंपनी के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर एन नारायणमूर्ति ने नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन नंदन निलेकणि को यही लक्ष्य दिया है। मूर्ति ने कहा, "कंपनी को कम से कम 100 सालों तक फलते-फूलते रहना चाहिए।"
साल 2017 में इंफोसिस में वापस आए निलेकणि पर कंपनी की उत्तराधिकार योजना को बनाने की जिम्मेदारी है। इंफोसिस ने इससे पहले भी एक बार अपनी कमान अगली पीढ़ी को सौंपने की कोशिश कर चुकी है, जिसके तहत विशाल सिक्का को कंपनी का सीईओ बनाया गया था।
हालांकि बाद में इसका काफी कड़वाहट भरा अंत देखने को मिला था। सिक्का ने करीब 3 साल के कार्यकाल के बाद इस्तीफा दे दिया और उसके बाद निलेकणि की कंपनी में वापसी हुई।
67 वर्षीय निलेकणि ने कहा, "मेरी चुनौतियां थोड़ी अधिक है क्योंकि मेरे साथ एक फाउंडर का टैग जुड़ा हुआ है। हालांकि मैं जब भी कंपनी की कमान किसी दूसरे चेयरमैन को सौंपकर निकलूंगा, तो वह एक गैर-फाउंडर होगा। फिलहाल कोई प्लान बी नहीं है। अगर मैंने किसी व्यक्ति को कमान सौंपी और वह कंपनी के लिए सही नहीं रहा, तो हमारे पास कोई प्लान बी नहीं है। मैं 75 साल या अधिक की उम्र में बार-बार कंपनी में वापस नहीं आ सकता। ऐसे में कोई दूसरा प्लान नहीं है।"
नीलेकणि ने कहा कि उनपर नारायणमूर्ति के विजन के मुताबिक ‘नेतृत्व संरचना को स्थापित करने की बड़ी जिम्मेदारी है।’ नीलेकणि ने कहा कि सही मूल्य वाले लोगों पर कंपनी को आगे ले जाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे अभी तक ऐसा व्यक्ति नहीं मिला है, जिसे मैं इसे (जिम्मेदारी को) सौंप सकूं।’’
इस बीच इंफोसिस के शेयर आज एनएसई पर 0.12% की बढ़त के साथ 1,574.00 के स्तर पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर करीब 1.25% फीसदी नीचे आया है। वहीं इस साल की शुरुआत से अब तक इसमें करीब 17.09% फीसदी की गिरावट आ चुकी हैं।