प्राइवेट सेक्टर के प्रमुख बैंकों में एक यस बैंक (Yes Bank) मौजूदा वित्त वर्ष में अपने विज्ञापन पर खर्च बढ़ाने की तैयारी में है। बैंक के एक चीफ मार्केटिंग ऑफिसर, निपुण कौशल ने बताया कि इस वित्त वर्ष में मार्केटिंग और एडवर्टाइजिंग पर करीब 30 फीसदी अधिक खर्च किए जाएगा। हालांकि उन्होंने खर्च का कोई आंकड़ा नहीं बताया। उन्होंने कहा कि यह Yes Bank पिछले करीब 2 सालों से खर्च को लेकर काफी 'सजग' था क्योंकि उसे अपने बेलाउट के बाद अपने कारोबार को सुव्यवस्थित करना था। इसके साथ ही मंगलवार को Yes Bank ने अपना नया 'ब्रांड लोगो (Brand Logo)' भी लॉन्च किया है।
कौशल ने मंगलवार 30 मई को संवाददाताओं को बताया कि Yes Bank इस साल अपने विज्ञापान पर पिछले साल के मुकाबले करीब 30 फीसदी अधिक खर्च करेगा। उन्होंने कहा कि सटीक खर्च का आकंड़ा अलग हो सकता है क्योंकि विज्ञापनों की बुकिंग करते समय उनकी दरें हमारे अनुमान से अलग हो सकती हैं।
वहीं बैंक के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर राजन पेंटल ने कहा कि बैंक के रिटेल फ्रेंचाइजी ने एक महत्वपूर्ण स्तर हासिल कर लिया है और यह अब ऐसे मोड़ पर है, जहां से इस सेगमेंट का मुनाफा अधिक होता जाएगा।
कौशल ने कहा कि Yes Bank का मार्केटिंग अभियान 20 जून से शुरू हो रहा है, जो इस वित्त वर्ष के अंत तक चलेगा। इस दौरान डिजिटल विज्ञापनों पर काफी फोकस किया जाएगा। इन विज्ञापनों को बैंक की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।
यस बैंक के शेयरों में कमजोरी
इस बीच Yes Bank का शेयर मंगलवार को एनएसई पर 0.31 फीसदी गिरकर 15.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 0.63% की गिरावट आई है। हालांकि पिछले एक साल में इसके शेयरों का भाव करीब 20.53 फीसदी बढ़ा।