मॉनसून को लेकर IMD ने खुशखबरी दी है। मौसम विभाग (IMD) ने यह अनुमान जताया है कि इस बार मॉनसून सामान्य से 5 दिन पहले पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने कहा कि मॉनसून 27 मई तक केरल पहुंच सकता है। मॉनसून सामान्य से 5 दिन पहले आ सकता है। बता दें कि 2009 में भी समय से पहले मॉनसून आया था। 23 मई 2009 को मॉनसून केरल पहुंच गया था।
साल 2020 में 1 जून को मॉनसून ने दस्तक दी थी जबकि 2021 में 3 जून , 2022 में 29 मई, 2023 में 8 जून और 2024 में 30 मई को मॉनसून आया था।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल 30 फीसदी सामान्य मॉनसून रह सकता है। जबकि 33 फीसदी सामान्य से ज्यादा मॉनसून होने की संभावना है। वहीं 9 फीसदी सामान्य से कम मॉनसून हो सकता है।
मॉनसून पर स्काईमेट का अनुमान
इस बीच स्काईमेट ने अनुमान जताया है कि इस साल 40 फीसदी सामान्य मॉनसून रह सकता है। जबकि 30 फीसदी सामान्य से ज्यादा मॉनसून होने की संभावना है। वहीं 15 फीसदी सामान्य से कम मॉनसून हो सकता है।
स्काईमेट के जी.पी. शर्मा का कहना है कि जल्द मॉनसून आने के हालात बने हुए है। थाईलैंड में अभी से बहुत बारिश हो रही है। मॉनसून का क्रॉस इक्वेटोरियल फ्लो भी काफी अच्छा बना हुआ है। केरल और बंगाल की खाड़ी में भी समय से पहले मॉनसून आ सकता है। उन्होंने आगे कहा कि केरल में मॉनसून अरब सागर की तरफ से आता है। 27 मई के 2-3 दिन आगे या पीछे मॉनसून केरल पहुंच सकता है। गुजरात के कुछ जगहों पर ओले भी पड़े हुए है।
जी.पी. शर्मा ने आगे कहा कि दिल्ली में 12 मई तक तापान 40 तक नहीं पहुंचा है। दिल्ली में हीट- वेव आने की आशंका अभी कम है। प्री- मॉनसून देश में अच्छी बनी हुई है। हालांकि आने वाले दिनों में प्री- मॉनसून में थोड़ी गिरावट आएगी।
उन्होंने आगे कहा कि मॉनसून आगे कैसे रहेगा अभी से कहना मुश्किल है। कोस्टल क्षेत्रों में मॉनसून का असर सबसे पहले दिखाई देता है।