Gold and silver prices today : वैश्विक स्तर पर कमजोरी के बीच भारत में बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.13 फीसदी कमजोर होकर 50,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है। यह सोने में चार सेशन में तीसरी गिरावट है। सिल्वर फ्यूचर्स (Silver futures) 0.15 फीसदी कमजोर होकर 62,151 रुपये प्रति किग्रा के स्तर पर है।
ग्लोबल मार्केट्स में सोने की कीमतें आज स्थिर बनी हुई हैं। हाजिर सोना (Spot gold) 0.1 फीसदी कमजोर होकर 1,850.41 डॉलर प्रति औंस पर है। वहीं चांदी 0.1 फीसदी गिरावट के साथ 22.19 डॉलर प्रति औंस पर बनी हुई है।
इन वजहों से इनवेस्टर्स सेंटीमेंट कमजोर
वैश्विक फाइनेंशियल मार्केट में उतार-चढ़ाव जारी है। ग्लोबल सेंट्रल बैंकों के महंगाई को काबू में करने के लिए ब्याज दरों में बढ़ोतरी आशंकाओं से इनवेस्टर्स का सेंटीमेंट कमजोर बना हुआ है। यूएस फेडरल रिजर्व (US Federal Reserve) अगले हफ्ते अपनी बेंचमार्क फंड्स रेट में 50 बेसिस प्वाइंट्स की बढ़ोतरी कर सकता है।
मूडीज ने कहा- सोने में बनी रहेगी मजबूती
मूडीज ने सोने की कीमतों के लिए 12-18 महीने के आउटलुक पर जारी अपने एक नोट में कहा, “महंगाई में बढ़ोतरी, रिकॉर्ड स्तर पर कमोडिटी की कीमतों और रूस-यूक्रेन के बीच टकराव के चलते जारी जिओपॉलिटिकल टेंशन से सोने की कीमतें ऐतिहासिक मजबूत स्तर पर बनी हुई हैं। वैश्विक स्तर पर जारी अनिश्चितता और टकराव के चलते आगे भी सोने में मजबूती बनी रहेगी।”
एजेंसी ने कहा, “ग्लोबल इकोनॉमी अभी भी कोविड-19 के झटके से नहीं उबरी है, इसलिए सोने को लेकर सेफ हैवन इनवेस्टमेंट आकर्षण बना हुआ है। हालांकि ऊंची ब्याज दरों से सोने की कीमतों पर दबाव बना है। लेकिन मौजूदा महंगाई के दौर में, हमें नहीं लगता कि दूसरे सेफ हैवन इनवेस्टमेंट पर्याप्त रिटर्न दे पाएंगे।”
कम आपूर्ति से चांदी को मिल रहा है सपोर्ट
चांदी पर मूडीज ने कहा, “मौजूदा समय में चांदी की कीमतों को इंडस्ट्रियल डिमांड (सोलर और इलेक्ट्रिकल एप्लीकेशन) और इनवेस्टमेंट डिमांड (सेफ हैवन इनवेस्टमेंट) दोनों से सपोर्ट मिल रहा है। मांग की तुलना में आपूर्ति में कमी से भी कीमतों को सपोर्ट मिल रहा है। सिल्वर इंस्टीट्यूट (Silver Institute) के मुताबिक, 2021 में चांदी के बाजार में 5.18 करोड़ औंस की कमी रही।”