Gold and silver rates : कमोडिटीज में तगड़ी रैली दिखने के साथ आज भारतीय बाजार में सोने और चांदी में मजबूती दिख रही है। यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, रूस ने यूक्रेन स्थित यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर प्लांट पर बमबारी करके अपना हमला और तेज कर दिया है, जिससे शुक्रवार को तनाव और बढ़ गया है। एमसीएक्स (MCX) पर, गोल्ड फ्यूचर्स (gold futures) 0.5 फीसदी की मजबूती के साथ 52,012 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, वहीं सिल्वर फ्यूचर्स 0.6 फीसदी मजबूत होकर 68,296 रुपये प्रति किग्रा पर बना हुआ है।
सेफ हैवन डिमांड से सोने को मिला सपोर्ट
ग्लोबल मार्केट में, हाजिर सोना (spot gold) आज के सेशन की शुरुआत में अहम स्तरों से ऊपर निकलते हुए 1,950.88 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जो 14 महीने का उच्चतम स्तर है। यूक्रेन और रूस के बीच जंग में तनाव बढ़ने से सोने के लिए सेफ हैवन डिमांड (safe haven demand) को खासा सपोर्ट मिला। यूरोप के सबसे बड़े न्यूक्लियर पावर प्लांट पर बमबारी के चलते यूक्रेन के इस प्लांट की सुरक्षा को लेकर चिंताएं पैदा हो गई हैं।
इस सप्ताह सोना 2 फीसदी मजबूत
हालांकि सोना दिन के अपने हाई से नीचे आ गया और यह 1,940.74 डॉलर पर कारोबार कर रहा है। इसके बावजूद सोना इस सप्ताह 2 फीसदी मजबूत हो चुका है। तेल की कीमतों में उछाल से ग्लोबल ग्रोथ और महंगाई के खतरे से जुड़ी चिंताएं गहरी हो गई हैं, जिससे सोने को मजबूती मिल रही है। अनिश्चितता के बीच हाल के दिनों में गोल्ड बैक्ड ईटीएफ (ETF) मे इनफ्लो बढ़ने के साथ इनवेस्टर्स वैल्यू स्टोर करने के लिए बुलियन में खरीदारी कर रहे हैं।
वहीं हाजिर चांदी (Spot silver) 0.4 फीसदी मजबूत होकर 25.25 डॉलर प्रति औंस पर है और लगातार 5वें हफ्ते बढ़त दर्ज करने के लिए तैयार है।
सोने को 51,457-51,144 रुपये पर तगड़ा सपोर्ट
मेहता इक्विटीज के वीपी कमोडिटीज राहुल कलांत्री ने कहा, “हमें उम्मीद है कि सोना 1,962 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस और चांदी 25.80 डॉलर प्रति औंस का स्तर छू सकती है। सोने को 1,922-1,908 डॉलर पर सपोर्ट, जबकि 1,948-1,962 डॉलर प्रति औंस पर रेजिस्टैंस है। चांदी को 24.88-24.50 डॉलर पर सपोर्ट और 25.55-25.80 डॉलर प्रति औंस पर रेजिस्टैंस है। रुपये में बात करें तो सोने को 51,457-51,144 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 52,017-52,264 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रेजिस्टैंस है। चांदी को 67,478-67,051 पर सपोर्ट, जबकि 68,553-69,201 रुपये प्रति किग्रा पर रेजिस्टैंस है।”