ग्लोबल मार्केट से संकेत लेते हुए भारत में भी आज गोल्ड की कीमतें सपाट नजर आ रही हैं। दुनिया भर में कोविड-19 के नए मामलों के बढ़ने के साथ ही निवेशकों की नजर US-फेड की ब्याज दरों को बढ़ाने के फैसले पर लगी हुई हैं। 5 जनवरी के शुरुआती कारोबारी में MCX पर गोल्ड कॉन्ट्रैक्ट 47,951 रुपये प्रति 10 ग्राम पर नजर आ रहा था। आज के कारोबार में चांदी में भी भारी गिरावट देखने को मिली है। फिलहाल ये 0.16 फीसदी की गिरावट के साथ 62,128 रुपये प्रति किलोग्राम पर नजर आ रही है।
इंटरनेशनल मार्केट पर नजर डालें तो यहां भी सोने पर दबाव नजर आ रहा है। गोल्ड की कीमतें 1,813.91 डॉलर पर औंस पर नजर आ रही हैं। वहीं US गोल्ड फ्यूचर 1,813.80 पर दिख रहा है। मंगलवार को 10-ईयर यूएस ट्रेजरी अपने 10 साल हाई पर पहुंच गई। इसके साथ ही US डॉलर इंडेक्स भी अपने 2 हफ्तों के हाई के आसपास घूमता नजर आ रहा है। डॉलर इंडेक्स में इस बढ़त के चलते गोल्ड के सबसे सुरक्षित निवेश विकल्प इमेज पर मार पड़ी है।
रिलायंस सिक्योरिटीज के श्रीराम अय्यर का कहना है कि आज सुबह के कारोबार में इंटरनेशनल गोल्ड की कीमतें सपाट नजर आ रहीं थी। टेक्निकल नजरिए से देखें तो LBMA हाजिर गोल्ड के लिए 1818-1830 डॉलर पर रजिस्टेंस नजर आ रहा है। वहीं इसके लिए 1805-1795 पर सपोर्ट नजर आ रहा है।
गोल्ड के घरेलू भाव पर नजर डालें तो बुधवार को इसकी शुरुआत सपाट हुई थी। घरेलू कीमत ग्लोबल बाजार के आधार पर मूव करती नजर आ रही है। टेक्निकल तौर पर देखें तो अगर MCX गोल्ड फरवरी फ्यूचर 47,700 के ऊपर जाता है तो फिर इसके लिए ऊपर की तरफ 47,990 और 48,150 के लेवल पर रजिस्टेंस होगा। वहीं इसका सपोर्ट जोन 47,690- 47550 के आसपास नजर आ रहा है।
श्रीराम अय्यर का आगे कहना है कि उम्मीद है कि आने वाले कारोबारी दिनों में गोल्ड में तेजी आती दिख सकती है और यह 49,000 का स्तर छूता नजर आ सकता है। 47,500 तक के हालिया सपोर्ट के आसपास कोई गिरावट मिलने पर सोने में हमें खरीद करनी चाहिए।
एक और कमोडिटी एक्सपर्ट के मुताबिक सोने का बॉयजोन 48,100 के ऊपर नजर आ रहा है और इसके 48,300 का टारगेट रखा जा सकता है। वहीं अगर सोना 47,800 के नीचे फिसलता है तो फिर इसमें हमें 47,600 तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।