Gold Price : ग्लोबल मार्केट में अपने हाई से 21.4% टूटा सोना, लेकिन भारत में नहीं लगा बड़ा झटका, जानिए कहां से मिल रहा सपोर्ट

Gold Price :एक्सिस म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट के मुताबिकअमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये की गिरावट और सोने पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी से घरेलू बाजार में सोने की कीमतों को सपोर्ट मिला है

अपडेटेड Nov 10, 2026 पर 3:50 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
एक्सिस म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट में कहा गया है कि कीमतों में गिरावट के बावजूद केंद्रीय बैंक सोना खरीदते रहे हैं। यह शॉर्ट टर्म रुझान के बजाय लॉन्ग टर्म रणनीतिक खरीदारी का संकेत है

Gold Price : सोने की कीमतें जनवरी 2026 के अपने रिकॉर्ड हाई से नीचें आई हैं। सोने की इस गिरावट में विदेशी निवेशकों की तुलना में भारतीय निवेशकों को कम नुकसान हुआ। एक्सिस म्यूचुअल फंड की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, रुपये की कमजोरी और आयात शुल्क में बढ़ोतरी ने घरेलू बाजार में सोने की कीमतों को सपोर्ट दिया। इसके चलते डॉलर के मुकाबले रुपये में मिलने वाले रिटर्न में कम गिरावट दिखी।

30 अक्टूबर 2026 तक अमेरिकी डॉलर में अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें 30 जनवरी 2026 के अपने हाई से 21.4 प्रतिशत गिर गईं थी। हालाकि,इसी अवधि के दौरान रुपये में सोने की कीमतों में होने वाली गिरावट 14.9 प्रतिशत तक ही सीमित रही।

एक्सिस म्यूचुअल फंड की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2026 में घरेलू बाजार में सोने की कीमतों को दो बातों से सपोर्ट मिला। इसमें से पहला रहा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये का लगभग 89 रुपये से गिरकर 96 रुपये तक आ जाना और मार्च 2026 में सोने पर आयात शुल्क (import duty) को 6 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत किया जाना । इन दोनों कारणों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों में आई गिरावट की भरपाई करने में मदद की।


रुपये की कमजोरी और ऊंचे शुल्क ने सोने की गिरावट को कैसे किया कम ?

इस रिपोर्ट के मुताबिक सोने में आई भारी गिरावट की वजह प्रॉफिट-बुकिंग और लीवरेज्ड पोजीशन को खत्म करना था। इससे स्टॉप-लॉस और मार्जिन कॉल ट्रिगर हुए और जब कीमतें जनवरी के अपने हाई से नीचे आईं तो बिकवाली का दबाव और बढ़ गया। वहीं,सोने पर आयात शुल्क में बढ़ोतरी ने घरेलू कीमतों को एक और तरह का सपोर्ट दिया।

मार्च 2026 में आयात शुल्क को 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिए जाने से आयातित सोने की 'लैंडेड कॉस्ट'बढ़ गई, जिससे ग्लोबल स्तर पर कीमतों में गिरावट के बावजूद घरेलू भाव को सपोर्ट मिला। भारतीय निवेशकों के लिए इसका मतलब यह रहा कि घरेलू सोने की कीमतों में अपने उच्चतम स्तर से आई गिरावट,डॉलर में आंकी जाने वाली सोने की कीमतों में आई गिरावट की तुलना में कम रही।

अमेरिका-ईरान युद्ध का असर भी सोने की कीमतों पर भी पड़ा। तेल की आपूर्ति में दिक्कत और खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते वित्तीय दबाव के कारण सोने में निवेश के लिए उपलब्ध अतिरिक्त फंड कम हो गया है, जिससे मौजूदा निवेश को बेचे जाने की आशंका पैदा हो गई है। इसके अलावा, तेल की कीमतों के कारण बढ़ती महंगाई ने इस उम्मीद को और मजबूत कर दिया है कि ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची बनी रहेंगी। इससे अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड और डॉलर में तेजी आई,जिससे सोने की कीमतों पर दबाव पड़ा।

जानें आगे कैसी रह सकती है सोने की चाल

एक्सिस म्यूचुअल फंड का कहना है कि शॉर्ट टर्म चुनौतियों के बावजूद सोने का लॉन्ग टर्म आउटलुक काफी अच्छा है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में उन अहम फैक्टर्स पर प्रकाश डाला है जिनका असर अगले 6-12 महीनों में सोने की कीमतों पर पड़ सकता है। ब्रोकरेज का कहना है कि अमेरिका में ऊंची ब्याज दरों और ट्रेजरी यील्ड के सपोर्ट से डॉलर मजबूत हुआ। इसके सोने की कीमतों पर दबाव बना। हालांकि,अमेरिका में बढ़ता राजकोषीय घाटा,कर्ज चुकाने की बढ़ती लागत, AI-आधारित ग्रोत के अलावा अर्थव्यवस्था में कमजोरी और नीतिगत अनिश्चितता जैसे फैक्टर समय के साथ डॉलर को कमजोर कर सकते हैं। भू-राजनीतिक तनाव और डॉलर के अलावा दूसरे निवेश विकल्पों की ओर रुझान सोने को एक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में और अधिक मजबूती दे सकता है।

ब्रोकरेज का कहना है कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव ने नीतिगत अनिश्चितता को बढ़ा दिया है और डॉलर पर और दबाव बनाया है। केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की खरीद 2026 की पहली तिमाही में घटकर 57 टन रह गई, लेकिन दूसरी तिमाही में यह फिर से बढ़कर 289 टन ​​हो गई, जिससे पहली छमाही में कुल खरीद 345 टन तक पहुंच गई। अगस्त में इसमें 39 टन और जुड़ गया,जिसमें पोलैंड,चीन और उज्बेकिस्तान सबसे आगे रहे।

सोने में किसी बड़ी गिरावट का डर नहीं

रिपोर्ट में इस बात पर प्रकाश डाला गया है कि कीमतों में गिरावट के बावजूद केंद्रीय बैंक सोना खरीदते रहे हैं। यह शॉर्ट टर्म रुझान के बजाय लॉन्ग टर्म रणनीतिक खरीदारी का संकेत है। इससे कीमतों में और अधिक गिरावट के खिलाफ एक तरह का सपोर्ट मिल रहा है। रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि अगले छह महीनों में अमेरिकी ब्याज दरें सोने की कीमतों को प्रभावित करेंगी।

इस रिपोर्ट में उम्मीद जताई गई है कि फेड रेट लगभग 4.25 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच सकता है। इसके पीछे लेबर मार्केट में नरमी, कोर PCE महंगाई दर का उम्मीद से कम (3 प्रतिशत) रहना और लॉन्ग-टर्म बॉन्ड यील्ड का ऊंचे स्तर पर होना जैसे कारण बताए गए हैं। अगर फेड रेट का पीक स्तर उम्मीद से कम रहता है तो इससे डॉलर और रियल यील्ड कमजोर हो सकते हैं, जिससे बुलियन (सोना-चांदी) को सपोर्ट मिल सकता है।

क्या हो निवेश रणनीति?

रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि निवेशकों के लिए सोना एक साथ तीन भूमिकाएं निभाता है। पहला यह महंगाई (जो अमेरिका और भारत दोनों जगह लक्ष्य से ऊपर है) के खिलाफ एक बचाव का काम करता है। दूसरा यह भू-राजनीतिक झटकों से सुरक्षा देता है और जब बॉन्ड्स पर भरोसा कम होने लगता है तो यह वैल्यू को बचाए रखने का एक जरिया बन जाता है। बड़े घाटे, लगातार बनी हुई महंगाई और खदानों से होने वाली आपूर्ति में कमी को देखते हुए अपने पास कुछ हार्ड एसेट्स रखना समझदारी भरा फैसला हो सकता है।

 

Hot Stocks : शॉर्ट टर्म में करना चाहते हैं बंपर कमाई तो इस शेयरों पर रहे नजर, चमक सकती है किस्मत

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।