Gold prices: सोने की कीमतों में आई 6 महीने की सबसे बड़ी गिरावट, क्या अक्षय तृतीया पर है खरीदारी का सही मौका?

Gold price: अमेरिकी डॉलर के 20 सालों के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंचने से सोने की कीमतों में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट दर्ज की गई है

अपडेटेड Apr 30, 2022 पर 6:14 PM
Story continues below Advertisement
MCX पर शुक्रवार को सोने की कीमत 51,760 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ

सोने की कीमतों (Gold prices) में लगातार दूसरे हफ्ते गिरावट दर्ज की गई है। इसके साथ ही अप्रैल महीने में सितंबर 2021 के बाद सोने में कीमत में सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर जून कॉन्ट्रैक्ट के लिए सोने की कीमत शुक्रवार को 51,760 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी कीमत 1,895 डॉलर प्रति औंस रहीं।

क्यों गिर रही सोने की कीमत?

कमोडिटी मार्केट के एक्सपर्ट के मुताबिक सोने की कीमतों में गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिकी डॉलर (US Dollar) में मजूबती रही। उन्होंने बताया कि डॉलर इडेक्स पिछले पूरे हफ्ते 100 से ऊपर रहा, जिसके चलते अमेरिकी डॉलर अपने 20 सालों के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। डॉलर इंडेक्स के अलाना अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से अगले हफ्ते ब्याज दरों में 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी की जानी है, जिससे सोने की कीमतों पर ब्रेक लगा है।

सोने की कीमत आगे बढ़ेगी या घटेगी?


गोल्ड मार्केट के एक्सपर्ट ने बताया कि रूस-यूक्रेन के बीच जंग तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर गया है और इसे लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। इसके अलावा विभिन्न कमोडिटी की बढ़ती कीमतें, अक्षय तृतीया का पर्व और शादियों का सीजन शुरू होने से घरेलू बाजार में सोने की मांग बढ़ेगी। ऐसे में निवेशक सोने की कीमत में किसी भी तरह के गिरावट को खरीदारी के मौके के रूप में देख सकते हैं।

यह भी पढ़ें- Akshaya Tritiya 2022: अक्षय तृतीया के दिन ज्वैलरी खरीदने पर रखें इन बातों का ध्यान, वरना होगा भारी नुकसान

अगले हफ्ते इस रेंज में रह सकती है कीमत

एक्सपर्ट्स ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक होने तक सोने की कीमतों के 1870 से 1960 डॉलर प्रति औंस के बीच और MCX पर 50,500 से ₹53,500 प्रति 10 ग्राम के भाव के बीच कारोबार होने की उम्मीद है।

सोने को लेकर आउटलुक पॉजिटिव

Religare Broking Ltd में कमोडिटी और करेंसी रिसर्च की वाइस प्रेसिडेंट, सुगंघा सचदेवा ने कहा कि सोने की कीमत को लेकर आउटलुक पॉजिटव है। उन्होंने कहा, " "बाजार यह अनुमान लगा रहे हैं कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में बढ़ोतरी का फैसला लेगा, जो सोने की कीमतों को बढ़ने से रोक रहा है। हालांकि इसके बावजूद कई ऐसे पहलू भी है, जो सोने की कीमत को लेकर आने वाले दिनों में सकारात्मक माहौल दिखा रहे हैं। भू-राजनीतिक तनावों और तेज होती महंगाई के बीच निवेश के सुरक्षित विकल्प के तौर पर सोने में निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है।"

पहली तिमाही में सोने की 34% बढ़ी मांग

उन्होंने आगे कहा, "वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के हालिया आंकड़ों के मुताबिक, 2022 की पहली तिमाही में ग्लोबल स्तर पर सोने की मांग सालाना आधार पर 34 फीसदी बढ़कर 1,234 टन रही। इसके पीछे ETF की मांग में बढ़ोतरी मुख्य वजह रही, जो बताता है कि कीमती पीली धातु बहुत अधिक निवेशकों को आकर्षित कर रही है। इसके अलावा, अक्षय तृतीया के शुभ अवसर के आसपास कम कीमतों से सोने की मांग बढ़ने की संभावना है। भारतीय बड़े पैमाने पर इस दिन सोना खरीदते हैं।"

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।