Gold Price Today : सोमवार को भारत में सोने की कीमतों में अच्छी तेजी रही। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.17 फीसदी की मजबूती के साथ 48,332 रुपये प्रति 10 ग्राम (सुबह 9.30 बजे) पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, चांदी में भारी गिरावट बनी हुई है और यह 0.22 फीसदी की कमजोरी के साथ 64,665 रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमतें फ्लैट
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में, यूएस फेडरल रिजर्व की मीटिंग से पहले सोना फ्लैट रहा। यूएस सेंट्रल बैंक की फेडरल ओपन मार्केट कमेटी की मीटिंग 25-26 जनवरी को होनी है। इनवेस्टर्स उम्मीद से पहले इंटरेस्ट रेट में बढ़ोतरी के यूएस फेड के संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। महंगाई का सामना करने के लिए फेडरल रिजर्व की मॉनिटरी पॉलिसी में सख्ती आने की संभावना है।
न्यूज18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, शेयरइंडिया के वीपी और हेड (रिसर्च) डॉ. रवि सिंह ने कहा, “कोमेक्स गोल्ड की कीमतों में गिरावट की तुलना में भारत में रुपये की मजबूती के चलते गिरावट सीमित रही है। हमें इस सप्ताह सोने की कीमतों में मजबूती रहने का अनुमान है। इसमें 48,300 रुपये के टारगेट के साथ 48,000 रुपये के स्तर पर खरीदारी की जा सकती है। वहीं, सेलिंग की बात करें तो 47,600 के टारगेट के लिए 47,800 रुपये बिकवाली की जा सकती है।”
डेली चार्ट पर दिख रही प्रॉफिट बुकिंग
गंगानगर कमोडिटी लिमिटेड के एवीपी (रिसर्च कमोडिटीज) अमित खरे ने कहा, “डेली टेक्निकल चार्ट पर सोने और चांदी में कुछ प्रॉफिट बुकिंग दिख रही है। मूमेंटम इंडीकेटर आरएसआई भी आवरली के साथ-साथ डेली चार्ट पर ऐसे ही संकेत दे रहा है। इसलिए, ट्रेडर्स को अपने लॉन्ग को बुक करने की सलाह है और वे दिए गए रेजिस्टैंस लेवल्स के आसपास बिकवाली कर सकते हैं। ट्रेडर्स को आगे दिए गए अहम टेक्निकल लेवल्स पर नजर रखनी चाहिएः फरवरी क्लोजिंग प्राइस 48,249 रुपये, सपोर्ट 1- 48,140 रुपये, सपोर्ट 2- 48,000 रुपये, रेजिस्टैंस 1- 48,350 रुपये, रेजिस्टैंस 2- 48,500 रुपये। मार्च सिल्वर क्लोजिंग प्राइस 64,806 रुपये, सपोर्ट 1- 64,350, सपोर्ट 2- 64,000 रुपये, रेजिस्टैंस 1- 65,000 रुपये, रेजिस्टैंस 2- 65,400 रुपये।”
रूस-युक्रेन टेंशन का दिख सकता है असर
रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट श्रीराम अय्यर ने कहा, "रूस-युक्रेन टेंशन के बीच पीली धातु में सेफ हैवन इनवेस्टमेंट देखने को मिल सकता है। टेक्निकल चार्ट पर देखें तो यदि कोमेक्स गोल्ड 1834.63 के स्तरों से नीचे जाता है तो इसमें गिरावट देखने को मिल सकती है। सपोर्ट जोन 1825.57-1819.33 डॉलर प्रति औंस हो सकता है।"