Gold Prices Today : यूरोपियन सेंट्रल बैंक (ईसीबी) के गुरुवार को ब्याज दरों में 50 बीपीएस यानी 0.50 फीसदी की बढ़ोतरी के बावजूद सोने की कीमतों में गिरावट बनी हुई है। हाजिर सोना 0.25 फीसदी कमजोर होकर 1,713 डॉलर प्रति औंस पर रहा। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स (MCX) पर शुक्रवार को दोपहर 12 बजे 0.20 फीसदी मजबूत होकर 50,478 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बना हुआ है।
अभी इंतजार के मूड में हैं तेजड़िए
बुलियन एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डॉलर इंडेक्स में एक बार फिर से नई मजबूती के चलते सोने की कीमतों पर दबाव दिख रहा है। इनवेस्टर्स में सभी प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में ब्याज दरों में बढ़ोतरी को लेकर चिंताएं दिख रही हैं। माना जा रहा है कि तेजड़िए वैल्यू बाइंग शुरू होने तक कुछ और समय इंतजार करना पसंद करेंगे।
एक साल के निचले स्तर से उबरा सोना
इससे पहले गुरुवार को डॉलर में मजबूती के चलते सोने की कीमतें लगभग एक साल के निचले स्तर तक पहुंच गईं। घरेलू बाजार में एमसीएक्स गोल्ड 49,958 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया, जो फरवरी, 2022 के बाद का निचला स्तर था।
कोटक सिक्योरिटीज के वीपी-हेड (कमोडिटी रिसर्च) रविंद्र राव ने कहा, कोमेक्स गोल्ड मार्च, 2021 के निचले स्तर से उबरते हुए 1,715 डॉलर प्रति औंस के नजदीक पहुंच गया। यूएस डॉलर इंडेक्स में उतार-चढाव और यूएस बॉन्ड यील्ड्स के फिर से 3 फीसदी से नीचे आने पर सोने में कुछ रिकवरी आई है। राव ने कहा, पिछले कुछ दिनों में सोने में भारी गिरावट के चलते शॉर्ट कवरिंग देखने को मिली है और यूएस डॉलर पर दबाव के चलते आगे कुछ मजबूती नजर आती है।