क्या Gold की कीमतों में आएगा बड़ा उछाल? G7 देशों ने रूस पर लगाया एक और प्रतिबंध, पीली धातु पर होगा असर

साल 2020 में रूस ने लगभग 19 अरब डॉलर मूल्य के सोने का निर्यात किया जो वैश्विक स्वर्ण निर्यात का लगभग पांच फीसदी था। खास बात यह है कि रूसी सोने के निर्यात में से करीब 90 फीसदी हिस्सा जी-7 देशों को ही भेजा गया था

अपडेटेड Jun 26, 2022 पर 5:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
हाल के वर्षों में ऊर्जा के बाद सोना ही रूस का दूसरा बड़ा निर्यात उत्पाद रहा है

सोने की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की संभावनाएं बढ़ गई हैं। दरअसल, सात अमीर देशों के समूह यानी जी7 देशों ने रविवार को रूस से सोने के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है। जी7 शिखर सम्मेलन (G7 summit) शुरू होने के साथ यह ऐलान किया गया है। इससे पहले अमेरिका ने कहा था कि जी7 देशों का समूह (G7 group) रूस पर प्रतिबंधों में सख्ती और यूक्रेन में उसकी युद्ध की कोशिशों को थामने के उद्देश्य से वहां से सोने के आयात पर प्रतिबंध लगाएगा।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) ने ट्विटर पर कहा था, “जी7 देश मिलकर ऐलान करेंगे कि हम रूस से सोने के आयात पर रोक लगाएंगे। रूस की पीली धातु के निर्यात में बड़ी हिस्सेदारी है, जिससे वह अरबों डॉलर की कमाई करता है।”

जर्मनी में शुरू हुई जी-7 देशों की बैठक


दुनिया के सात प्रमुख विकसित देशों के संगठन जी-7 की जर्मनी में म्यूनिख के पास एलमौ में शिखर बैठक हो गई है। हालांकि, पहले चर्चा थी कि मंगलवार को जी-7 देश इस बारे में अंतिम फैसला लेंगे।

शुरुआत में ब्रिटेन ने जी7 के सदस्यों कनाडा, जापान और अमेरिका के साथ मिलकर यह कार्रवाई करने की सूचना दी थी।

FPI ने जून में भारतीय बाजारों से निकाले 46,000 करोड़ रुपये, जानिए किन फैक्टर्स का दिख रहा असर

एनर्जी सप्लाई पर होगी चर्चा

बाइडन और अन्य विकसित देशों के प्रमुख शिखर सम्मेलन में इस बात पर चर्चा करेंगे कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एनर्जी सप्लाई को किस तरह सुरक्षित किया जाए। इसके अलावा दुनिया की अधिकांश अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से बढ़ती मुद्रास्फीति पर काबू पाने के तरीकों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

सोने के निर्यात से अरबों डॉलर कमाता है रूस

बाइडन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि ईंधन के बाद सोना रूस का दूसरा बड़ा निर्यात है। ऐसी स्थिति में रूस से सोने का आयात प्रतिबंधित किए जाने से रूस के लिए वैश्विक बाजारों में शिरकत कर पाना मुश्किल हो जाएगा।

बाइडन ने अपने ट्विटर संदेश में कहा कि रूस अपने सोने की बिक्री से ‘दसियों अरबों डॉलर कमाता है।’

2020 में 19 अरब डॉलर का किया था निर्यात

हाल के वर्षों में ऊर्जा के बाद सोना ही रूस का दूसरा बड़ा निर्यात उत्पाद रहा है। साल 2020 में रूस ने लगभग 19 अरब डॉलर मूल्य के सोने का निर्यात किया जो वैश्विक स्वर्ण निर्यात का लगभग पांच फीसदी था।

खास बात यह है कि रूसी सोने के निर्यात में से करीब 90 फीसदी हिस्सा जी-7 देशों को ही भेजा गया था। इसमें से भी 90 फीसदी से अधिक स्वर्ण निर्यात रूस ने अकेले ब्रिटेन को किया था।

वहीं, अमेरिका ने 2019 में रूस से 20 करोड़ डॉलर से कम और वर्ष 2020 एवं 2021 में 10 लाख डॉलर से भी कम का सोना आयात किया।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।