Gold prices today : एक दिन पहले बड़ी तेजी के बाद शुक्रवार को भारतीय बाजारों में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स (MCX) पर सोने की कीमतें 0.3 फीसदी की गिरावट के साथ 50,230 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं, वहीं चांदी 0.06 फीसदी कमजोर होकर 63,825 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई। एक दिन पहले यूक्रेन टेंशन (Ukraine tensions) के बीच सोने की कीमतों में 900 रुपये की मजबूती दर्ज की गई थी।
ग्लोबल मार्केट में भी सोना कमजोर
ग्लोबल मार्केट में, यूक्रेन के मसले पर अमेरिका और रूस के बातचीत के लिए राजी होने, जिओपॉलिटिकल चिंताएं कम होने के बाद सोने की कीमतें घट गई हैं। हाजिर सोना (Spot gold) 0.4 फीसदी कमजोरी के साथ 1,890.91 डॉलर प्रति औंस रह गया।
एक दिन पहले गुरुवावार को सोना 11 जून, 2021 के बाद पहली बार 1,900 डॉलर के स्तर से ऊपर निकल गया और इसमें 1.8 फीसदी की मजबूती दर्ज की गई। अमेरिका द्वारा रूस के संभावित हमले की चेतावनी के चलते हाल के दिनों में यूक्रेन टेंशन (Ukraine tensions) ने ग्लोबल फाइनेंशियल मार्केट्स को दहला दिया था। हालांकि, रूस लगातार हमले की बात को खारिज कर रहा था।
सोने में बना रह सकता है उतार-चढ़ाव
कोटक सिक्योरिटीज के हेड (कमोडिटी रिसर्च) रविंद्र राव ने कहा, “कल कॉमेक्स गोल्ड (Comex gold) 1.6 फीसदी की मजबूती के बाद 1,892 डॉलर प्रति औंस के करीब आ गया था। यूएस सेक्रेटरी ऑफ स्टेट और रूस के अधिकारियों की अगले हफ्ते संभावित मुलाकात की खबरों और फेड अधिकारियों की सख्त टिप्पणियों के चलते सोना जून, 2021 के हाई से नीचे आ गया है। जिओपॉलिटिकल टेंशन के चलते सोने में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। हालांकि अमेरिका और पश्चिमी देशों द्वारा रूस के हमले की आशंकाओं को खारिज किए जाने तक इसमें तेजी का ट्रेंड है।”
एक नोट में कोटक सिक्योरिटीज ने कहा कि रूस से जुड़ी अनिश्चितता के कारण फाइनेंशियल मार्केट में जारी हलचल के कारण कमोडिटीज में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
1,880 डॉलर के स्तर पर बना मजबूत बेस
माइगोल्डकार्ट के विदित गर्ग ने कहा, “तकनीक रूप से सोने के लिए लगभग 1,880 डॉलर के स्तर पर मजबूत बेस बना हुआ है। हालात पर नियंत्रण के लिए इस स्तर के नीचे मंदड़ियों द्वारा ऊंचा ट्रेड वॉल्यूम क्रिएट करने की जरूरत है। ट्रेडर्स 1,855 डॉलर के टारगेट के लिए 1,880 डॉलर से नीचे सोने में बिकवाली कर सकते हैं, हालांकि 1,903 डॉलर से ऊपर 1,918 डॉलर के स्तर के लिए खरीदारी के मौके बन सकते हैं। 1880-1903 डॉलर के बीच कोई ट्रेडिंग जोन नहीं है।”