मॉर्गन स्टैनली को उम्मीद है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व इस साल एक या दो बार नहीं बल्कि 6 बार इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है। मॉर्गन स्टैनली की तरफ से गुरुवार को जारी एक रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 में अमेरिकी फेड रिजर्व 6 बार में 150 बेसिस अंक यानी 1.50% ब्याज दर बढ़ा सकता है।
अमेरिका में तेजी से बढ़ती महंगाई दर को देखते हुए कई बड़े इनवेस्टमेंट बैंकों ने यह उम्मीद जताई है कि 2022 में फेड रिजर्व तेजी से इंटरेस्ट रेट बढ़ा सकता है।
मॉर्गन स्टैनली के चीफ इकोनॉमिस्ट एलन जेंटर (Ellen Zentner) ने एक रिपोर्ट में लिखा है, "इनफ्लेशन आउटलुक में हालिया बदलाव के बाद हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल फेड रिजर्व 6 बार 0.25% यानी कुल मिलाकर 1.50% इंटरेस्ट रेट बढ़ाएगा।"
कब-कब बढ़ सकता है इंटरेस्ट रेट
फेड रिजर्व सबसे पहले मार्च के अंत में होने वाली पॉलिसी मीटिंग में 0.25% इंटरेस्ट रेट बढ़ाएगा। इसके बाद मई, जून और जुलाई में भी 0.25%-0.25% रेट बढ़ा सकता है। मॉर्गन स्टैनली के मुताबिक, इसके अलावा दो और इजाफा सितंबर और दिसंबर में किया जा सकता है।
पिछले हफ्ते आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका में मंहगाई की ग्रोथ 1980 के बाद अब सबसे तेज रही है। इसकी वजह से इस बात के चांस बढ़ गए हैं कि 15-16 मार्च को होने वाली फेड की बैठक में रेट बढ़ाने का फैसला हो सकता है।