Dhanteras 2022 Gold Prices: धनतेरस के दिन कितना रहेगा सोने का भाव, बाजार में कैसी रहेगी हलचल, यहां जानें

Gold prices on Dhanteras: बाजार को अनुमान है कि धनतेरस पर इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक सोना बिकेगा, लेकिन साथ में इसकी कीमतें भी पिछले साल के फेस्टिव सीजन के मुकाबले अधिक रहने वाली हैं

अपडेटेड Oct 19, 2022 पर 3:54 PM
Story continues below Advertisement
Gold prices on Dhanteras: इस साल धनतेरस रविवार 23 अक्टूबर को है

धनतेरस (Dhanteras) के त्योहार में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। हर साल बड़ी संख्या में भारतीय लोग इस दिन गोल्ड (Gold) की खरीदारी करते हैं। पिछले 2 सालों के दौरान कोराना महामारी के चलते मांग सुस्त रही थी। हालांकि इस साल गोल्ड मार्केट और ज्वैलर्स को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। बाजार को अनुमान है कि धनतेरस पर इस साल पिछले साल की तुलना में अधिक सोना बिकेगा, लेकिन साथ में इसकी कीमतें (Gold Prices) भी पिछले साल के फेस्टिव सीजन के मुकाबले अधिक रहने वाली हैं।

इस साल धनतेरस रविवार 23 अक्टूबर को है। इस दिन गोल्ड की कीमत पिछले साल की तुलना में करीब 4000 रुपये (प्रति 10 ग्राम) महंगा होने का अनुमान है। हालांकि, इसके बावजूद ज्वैलर एसोसिएशन इस त्योहारी सीजन में सोने की बिक्री में बढ़ोतरी को लेकर आश्वस्त हैं।

सर्राफा बाजार में सोने का हाजिर भाव फिलहाल 52,000 रुपये के आसपास चल रहा है। पिछले साल, धनतेरस का पर्व नवंबर में पड़ा था और उस समय हाजिर भाव करीब 48,000 रुपये दर्ज की गई थी। इंडियन बुलियन ज्वैलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले साल 2 नवंबर (धनतेरस के दिन) 24 कैरेट सोने की हाजिर कीमत 47,904 रुपये प्रति 10 ग्राम थी और इस साल इसकी कीमत 17 अक्टूबर को 52,175 रुपये दर्ज की गई थी।


यह भी पढ़ें- Nestle ने किया 120 रुपये के अंतरिम डिविडेंड का ऐलान, जानिए रिकॉर्ड डेट सहित हर जरूरी डिटेल

बिजनेस टुडे के मुताबिक, मुंबई और कोलकाता में 18 अक्टूबर को 24 कैरेट सोने की कीमत 50,800 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जबकि 22 कैरेट सोना 46,460 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिल्ली में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोना क्रमश: 50,830 रुपये और 46,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

IIFL सिक्योरिटीज में कमोडिटी रिसर्च के हेड अनुज गुप्ता का कहना है कि इस साल धनतेरस के तुरंत बाद शादियों का मौसम आ जाएगा। ऐसे में धनतेरस के दिन इस कीमत धातु की मांग अधिक रहने वाली है। 23 अक्टूबर को धनतेरस के दिन पिछले साल की तुलना में करीब 30 फीसदी अधिक बिक्री की उम्मीद की जा सकती है।

अनुज ने बताया कि साल 2021 में धनतेरस (2 नवंबर) के दिन करीब 50 टन सोने की बिक्री हुई थी और इस साल यह आंकड़ा 55 से 60 टन तक पहुंच सकता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।