Gold and silver Rates today : एक दिन पहले रिकॉर्ड तेजी के बाद बुधवार को भारतीय बाजारों में सोने और चांदी में गिरावट देखने को मिल रही है। एमसीएक्स (MCX) पर गोल्ड बुलियन फ्यूचर्स (bullion futures) 0.05 फीसदी की कमजोरी के साथ 51,790 रुपये पर 10 ग्राम पर आ गया, वहीं सिल्वर फ्यूचर्स 0.5 फीसदी कमजोर होकर 67,863 पर बना हुआ है।
एक दिन पहले 16 महीने के हाई पर पहुंचा था सोना
पिछले सेशन में सोना प्रति 10 ग्राम 1,115 रुपये की मजबूती के साथ 16 महीने के हाई पर पहुंच गया, वहीं चांदी में 2,500 रुपये प्रति किग्रा की मजबूती दर्ज की गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में रूस-यूक्रेन जंग और यूएस डॉलर में मजबूती के बीच आज सेफ हैवन डिमांड कम होने से सोने की कीमतों में गिरावट रही।
हाजिर सोना (Spot gold) 0.4 फीसदी की गिरावट के साथ 1,935.38 डॉलर पर आ गया। डॉलर इंडेक्स मंगलवार को 20 महीने के हाई पर पहुंच गया, इसलिए दूसरी करेंसी के होल्डर्स के लिए सोना कम आकर्षक रह गया।
पिछले महीने 6 फीसदी मजबूत सोना
पिछले महीने सोने में 6 फीसदी की उछाल दर्ज की गई, जिसे ऐसे अनिश्चितता के माहौल में और बढ़ती महंगाई के खिलाफ हेज के लिए होल्ड करना अच्छा माना जाता है। वहीं हाजिर चांदी (spot silver) 0.9 फीसदी की गिरावट के साथ 25.15 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।
इन वजहों से सोने में है उछाल
मेहता इक्विटीज के वीपी (कमोडिटीज) राहुल कलांत्री ने कहा, “रूस के यूक्रेन पर हमले को देखते हुए सेफ हैवन खरीद के चलते सोना और चांदी में मजबूती बनी हुई है। इसके अलावा इक्विटी मार्केट में बिकवाली और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में क्रूड की कीमतों में उछाल से भी कीमती धातुओं को फायदा मिला है।”
निचले स्तर पर खरीदारी के मिलेंगे मौके
उन्होंने कहा, “हम सोने और चांदी की कीमतों को लेकर पॉजिटिव हैं और निचले स्तरों पर खरीदारी का अच्छा अवसर मिलेगा। आगामी सेशंस में सोना 19,970 डॉलर प्रति औंस का स्तर छू सकता है और चांदी 26.20 डॉलर प्रति औंस तक जा सकती है। सोने को 1,922-1,908 डॉलर पर सपोर्ट है, वहीं उसे 1,955-1,970 डॉलर पर रेजिस्टैंस मिल रहा है। चांदी को 25.20-24.84 डॉलर पर सपोर्ट, जबकि 25.88-26.20 डॉलर प्रति औंस पर रेजिस्टैंस है। रुपये में बात करें तो सोने को 51,358-50,900 पर सपोर्ट है, जबकि 52,075-52,334 पर रेजिस्टैंस है। वहीं चांदी को 66,983- 65,786 रुपये पर सपोर्ट, जबकि 68,913–69,646 रुपये पर रेजिस्टैंस है।”