Mumbai CNG Price Hike: महंगाई की एक और मार! मुंबई में सीएनजी के दाम 2 रुपये बढ़े, जानिए नई कीमत

Mumbai CNG Price Hike: मुंबई में CNG एक बार फिर से महंगी हो गई है। सरकारी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने शनिवार (30 मई) को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस महीने यह दूसरी बार है जब कीमतों में बढ़ोतरी की गई है

अपडेटेड May 30, 2026 पर 8:39 AM
Mumbai CNG Price Hike: मुंबई में CNG एक बार फिर से दो रुपये प्रति किलोग्राम महंगी हो गई है

Mumbai CNG Price Hike: पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सीएनजी के दाम फिर से बढ़ गए हैं। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध के कारण CNG की कीमतों में इस बार 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। हालांकि ये बढ़ोतरी सिर्फ मुंबई के लिए है। मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG उपभोक्ताओं को अब ₹2 प्रति किलोग्राम ज्यादा कीमत चुकानी होगी।

सरकारी गैस डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने शनिवार (30 मई) को मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (MMR) में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस महीने यह दूसरी बार है जब कीमतों में बढ़ोतरी की गई है। CNG की बढ़ी हुई नई कीमतें 29 मई 2026 की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं। दाम बढ़ने के बाद CNG की खुदरा कीमत 84 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर अब 86 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

14 मई को हुई थी बढ़ोतरी


इससे पहले मुंबई-MMR में 14 मई को CNG की कीमतों में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। इसके बाद नई कीमत 82 रुपये से बढ़ाकर 84 रुपये कर दी गई थी। फिर 17 दिनों बाद एक बार फिर से दामों में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब सीएनजी की कीमत 86 रुपये प्रति किलो हो गई है। नई बढ़ोतरी से ऑटो और कैब चालकों के साथ आम आदमी के लिए भी बड़ा झटका माना जा रहा है। लगातार बढ़ती लागत और बाजार की परिस्थितियों के चलते कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है। मिडिल ईस्‍ट तनाव के चलते जारी तेल संकट के बीच आम लोगों को महंगाई का एक और झटका लगा है।

PNG के भी बढ़े दाम

CNG की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ MGL ने घरेलू पाइप वाली प्राकृतिक गैस (PNG) की कीमतें भी 50 पैसे प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (SCM) बढ़ा दी हैं। अब PNG की नई कीमत ₹52 प्रति SCM होगी। ईंधन की कीमतों में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से पूरे मुंबई क्षेत्र में घरेलू बजट और परिवहन लागत पर दबाव बढ़ने की संभावना है। CNG की दरों में हुई इस ताजा बढ़ोतरी के बाद, परिवहन यूनियनें भी किराए में संशोधन की अपनी मांगें फिर से उठा सकती हैं। MGL भारत की सबसे बड़ी सिटी गैस कंपनियों में से एक है। यह पूरे मुंबई महानगर क्षेत्र में CNG और PNG की आपूर्ति करती है।

दिल्ली में भी बढ़े CNG के दाम

इससे पहले 26 मई को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में कंप्रेस्ड नैचुरल गैस (CNG) की कीमतों में मंगलवार को दो रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई थी। यह दो सप्ताह से भी कम समय में चौथा मौका था जब सीएनजी के दाम बढ़ाए गए। देश की सबसे बड़ी शहरी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अनुसार, सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

यह कंपनी दिल्ली और आसपास के शहरों में वाहनों को सीएनजी और घरों तथा उद्योगों के लिए पाइप लाइन वाली गैस (पीएनजी) उपलब्ध कराती है। हालांकि, घरेलू रसोई में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाली पीएनजी की दरों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। सीएनजी की कीमतों में 15 मई से लेकर यह चौथी बार बढ़ोतरी हुई है।

इस अवधि से लेकर अब तक इसमें कुल छह रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हो चुकी है। इससे पहले 23 मई को एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हुई थी। फिर 15 मई को कीमत में दो रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। साथ ही 18 मई को सीएनजी एक रुपये और महंगी हुई थी। राष्ट्रीय राजधानी में सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है जब सरकारी तेल कंपनियों ने अंतरराष्ट्रीय कीमतों में बढ़ोतरी का बोझ उपभोक्ताओं पर देरी से डालना शुरू किया है।

चार बार बढ़े पेट्रोल के दाम

कंपनियों ने चार बार में पेट्रोल की कीमत में कुल 7.35 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 7.53 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतें विभिन्न राज्यों में वैट की दर के आधार पर अलग-अलग होती हैं। आईजीएल के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद में सीएनजी की कीमत अब 91.70 रुपये प्रति किलोग्राम होगी।

ये भी पढ़ें- Aaj Ka Mausam 30 May: बिहार, यूपी तक इन 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया 20+ राज्यों में आएगा भयानक आंधी-तूफान, बवंडर

जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 88.12 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है। दिल्ली में पीएनजी की कीमत 49.59 रुपये प्रति घन मीटर पर स्थिर बनी हुई है। ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा आपूर्ति बाधित होने के बाद सरकार ने घरेलू उपयोग के लिए उपलब्ध गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी। घरेलू रसोई के लिए पीएनजी की दरें अपरिवर्तित रखी गईं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।