Windfall Gains Tax: सरकार ने फिर क्रूड पेट्रोलियम पर विंडफॉल गेन्स टैक्स बढ़ाया, नई दर 4 अप्रैल से लागू

Windfall Gains Tax: डीजल, पेट्रोल और जेट ईंधन या ATF के निर्यात पर SAED को शून्य पर बरकरार रखा गया है। विंडफॉल गेन्स टैक्स का रिव्यू हर 15 दिनों पर होता है। पिछले दो हफ्तों की तेल की औसत कीमतों के आधार पर यह रिव्यू किया जाता। इससे पहले सरकार ने 16 मार्च 2024 से क्रूड पेट्रोलियम पर विंडफॉल गेन्स टैक्स को 4,600 रुपये से बढ़ाकर 4,900 रुपये प्रति टन कर दिया था

अपडेटेड Apr 04, 2024 पर 8:19 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
यह टैक्स विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क के रूप में लगाया जाता है।

Windfall Gains Tax: सरकार ने एक बार फिर क्रूड पेट्रोलियम पर अप्रत्याशित लाभ कर यानि कि विंडफॉल गेन्स टैक्स को बढ़ा दिया है। नए जारी हुए निर्देश के तहत क्रूड पेट्रोलियम पर विंडफॉल गेन्स टैक्स को 4,900 रुपये प्रति टन से बढ़ाकर 6,800 रुपये प्रति टन कर दिया गया है। नई दरें 4 अप्रैल 2024 से प्रभावी होंगी। यह टैक्स विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) के रूप में लगाया जाता है। एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, डीजल, पेट्रोल और जेट ईंधन या ATF के निर्यात पर SAED को शून्य पर बरकरार रखा गया है।

पिछले दो सप्ताह में तेल की औसत कीमतों के आधार पर हर 15 दिनों पर विंडफॉल गेन्स टैक्स की रेट का रिव्यू किया जाता है। इससे पहले सरकार ने 16 मार्च 2024 से क्रूड पेट्रोलियम पर विंडफॉल गेन्स टैक्स को 4,600 रुपये से बढ़ाकर 4,900 रुपये प्रति टन कर दिया था। वहीं डीजल पर विंडफॉल गेन्स टैक्स को शून्य पर बरकरार रखा गया था। पेट्रोल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) पर भी यह टैक्स शून्य रहने का ऐलान किया गया था।

1 जुलाई 2022 से लागू है विंडफॉल गेन्स टैक्स


देश में विंडफॉल गेन्स टैक्स 1 जुलाई 2022 से लागू है। कच्चे तेल को जमीन और समुद्र से निकाल कर रिफाइन किया जाता और इसे पेट्रोल, डीजल और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) में कनवर्ट किया जाता है। अगर ऑयल कंपनियां 75 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा पर कच्चे तेल की बिक्री करती हैं, तो इससे हासिल होने वाले प्रॉफिट पर यह टैक्स लगता है। वहीं डीजल, एटीएफ और पेट्रोल के निर्यात के लिए यह लेवी तब लागू होती है, जब मार्जिन 20 डॉलर प्रति बैरल से अधिक हो जाता है।

कच्चे तेल की बढ़ रही हैं कीमतें

वैश्विक तेल की कीमतें फिर से बढ़ने के कारण सरकार ने क्रूड पेट्रोलियम पर विंडफॉल गेन्स टैक्स में बड़ी वृद्धि की है। 3 अप्रैल को बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण आपूर्ति में संभावित रुकावटों की चिंताओं के बीच तेल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी रही। हालांकि, अमेरिकी कच्चे तेल के भंडार में अप्रत्याशित वृद्धि से चिंताएं कुछ कम हो गईं। 3 अप्रैल को ब्रेंट क्रूड वायदा 84 सेंट या 0.9 प्रतिशत बढ़कर 89.76 डॉलर प्रति बैरल हो गया। वहीं यूएस वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट वायदा की कीमत 76 सेंट बढ़कर 85.91 डॉलर प्रति बैरल हो गई।

भारत सरकार ने 1000 टन काला नमक चावल के निर्यात पर हटाया शुल्क

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।