दुनिया की बड़ी टू-व्हीलर कंपनियों में शामिल हीरो मोटोकॉर्प ने Glamour Xtec वेरिएंट लॉन्च किया है। इसके ड्रम वर्जन की कीमत 78,900 रुपये और डिस्क वर्जन की 83,500 रुपये (एक्स शोरूम, दिल्ली) है। नई Glamour Xtec में 125 cc BS-VI इंजन है और यह 7 प्रतिशत अधिक फ्यूल एफिशिएंट है।
इसके इंजन का पावर आउटपुट 7500 RPM पर 10.7 BHP है और इसमें हीरो मोटोकॉर्प की i3S और ऑटो सेल टेक्नोलॉजी दी गई है।
Glamour Xtec में कुछ ऐसे फीचर्स हैं जो इस सेगमेंट में पहली बार दिए गए हैं। इनमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी के जरिए नेविगेशन, इंटीग्रेटेड USB चार्जिंग और LED हेडलैम्प शामिल हैं।
इसके अलावा बैक एंगल सेंसर है जो गिरने पर इंजन को बंद कर देता है।
इसमें एजस्टेबल शॉक एब्जॉर्बर सस्पेंशन और फ्रंट 240 mm डिस्क ब्रेक और 180 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस है।
हीरो मोटोकॉर्प के सेल्स और आफ्टरसेल्स हेड, नवीन चौहान ने कहा, "Glamour को 16 वर्ष पहले लॉन्च किया गया था और यह एक ट्रेंड तय करने वाली मोटरसाइकिल रही है। इसका यह वर्जन भी नए फीचर्स के साथ लॉन्च किया गया है जो 125 cc सेगमेंट में बदलाव करेगा।"
Glamour दुनिया की सबसे अधिक बिकने वाले मोटरसाइकिल के मॉडल्स में शामिल है।