योग गुरू बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद के मालिकाना हक वाली कंपनी रुचि सोया ने 4,300 करोड़ रुपये तक जुटाने के लिए SEBI के पास फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) डॉक्यूमेंट जमा किया है। एक लिस्टेड कंपनी में न्यूनतम 25 प्रतिशत की पब्लिक शेयरहोल्डिंग से जुड़े SEBI के नियम को पूरा करने के लिए यह FPO लाया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि कंपनी इसके जरिए 4,300 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। इसमें प्रमोटर्स को कम से कम 9 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचनी होगी। SEBI से अनुमति मिलने के बाद अगले महीने FPO आ सकता है।
एडिबल ऑयल का बिजनेस करने वाली रुचि सोया ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया है कि FPO के लिए उसे बोर्ड ने अनुमति दे दी है।
कंपनी में प्रमोटर्स ग्रुप के पास 98.90 प्रतिशत हिस्सेदारी है। पतंजलि ने दो वर्ष पहले रुचि सोया को एक इनसॉल्वेंसी प्रोसेस के जरिए 4,350 करोड़ रुपये में एक्वायर किया था।
रुचि सोया के बिजनेस में ऑयलसील की प्रोसेसिंग, एडिबल ऑयल की रिफाइनिंग और सोया प्रोडक्ट्स शामिल हैं।
BSE पर शुक्रवार को रुचि सोया के शेयर का प्राइस 1,242.35 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन अभी लगभग 36,800 करोड़ रुपये का है।
कंपनी के पास पाम और सोया सेगमेंट में इंटीग्रेटेड वैल्यू चेन मौजूद है। इसके पास महाकोश, सनरिच, रुचि गोल्ड और न्यूट्रिला जैसे ब्रांड्स हैं। रुचि सोया ने पिछले महीने पतंजलि नेचुरल बिस्किट्स प्राइवेट लिमिटेड से बिस्किट बिजनेस को एक्वायर करने की घोषणा की थी।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
