ICRA ने Adani Total Gas (ATGL) के रेटिंग आउटलुक को स्टेबल से घटाकर निगेटिव कर दिया है। उसने कहा है कि अदाणी ग्रुप की वित्तीय सेहत खराब हुई है, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। उसने 3 मार्च को इस बारे में बताया। ICRA रेटिंग एजेंसी है। अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग (Hindenburg) की रिपोर्ट आने के बाद से अडानी समूह की कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ICRA ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि रेटिंग आउटलुक घटाने का फैसला दो बातों पर आधारित है। पहला, समूह की कंपनियों के शेयर प्राइसेज में तेज गिरावट आई है। दूसरा, विदेशी बाजार में अडानी समूह की कंपनियों के बॉन्ड्स की यील्ड बढ़ी है।
अदाणी ग्रुप कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट
अमेरिकी शॉर्ट सेलिंग फर्म Hindenburg Research ने पिछले महीने एक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें अदाणी समूह की कंपनियों के शेयरों की कीमतों को बढ़ाने के लिए गलत तरीकों के इस्तेमाल और अकाउंटिंग फ्रॉड के आरोप लगाए थे। इसके बाद ATGL सहित समूह की कई कंपनियों के शेयरों की कीमतें क्रैश कर गई थीं। हालांकि, 20 दिन की गिरावट के बाद 1 मार्च को ATGL के शेयरों में तेजी दिखी थी। यह 4.85 फीसदी चढ़कर 713.20 रुपये पर बंद हुआ था।
GQG के निवेश के बाद शेयर प्राइसेज में रिकवरी
3 मार्च को भी अदाणी समूह की करीब सभी कंपनियों के शेयरों की कीमतें हरे निशान में बंद हुईं। इसकी वजह एक खबर है, जिसमें बताया गया है कि GQG Partners ने अदाणी समूहमें 15,446 करोड़ रुपये का निवेश किया है। GQG Partners अमेरिकी ग्लोबल इक्विटी-इनवेस्टमेंट बूटिक फर्म है। इस खबर का असर 3 मार्च को ATGL के शेयरों पर भी पड़ा। यह करीब 5 फीसदी चढ़कर 781.85 रुपये पर बंद हुआ।
Adani Toal Gas में फ्रांस की ऑयल कंपनी का निवेश
ICRA ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि हालांकि, ATGL ने छोटी अवधि में पूंजीगत खर्च की जरूरत पूरी करने के लिए पहले से समझौता किया है, लेकिन लंबी अवधि में इसे काफी ज्यादा पूंजीगत खर्च की जरूरत है। इसके लिए उसे काफी कर्ज लेने की जरूरत पड़ेगी। उसने कहा है कि ToatalEnergies SE अदाणी टोटल गैस की को-प्रमोटर है, इससे कुछ हद तक रिस्क घट जाता है। लेकिन, TotalEergies की तरफ से ATGL में निवेश का फैसला काफी संवेदनशील होगा। TotalEnergies फ्रांस के एक ऑयल एंड गैस कंपनी है। इसकी अदाणी टोटल गैस (ATGL) में 37.4 फीसदी हिस्सेदारी है।