Adani Ports Q3: अडानी पोर्ट ने 31 दिसंबर 2022 को खत्म हुई वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस अवधि में कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 16 फीसदी की गिरावट के साथ 1315.4 करोड़ रुपए पर रहा है। हालांकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 1600 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, वित्त वर्ष 2021-22 की तीसरी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 1567 करोड़ रुपए पर रहा था।
दिसंबर 2022 तिमाही में अडानी पोर्ट की आय सालाना आधार पर 17.5 फीसदी की बढ़त के साथ 4786.2 करोड़ रुपए पर रही है। हालांकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 4750 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था। बता दें कि दिसंबर 2021 तिमाही में कंपनी की आय 4072 करोड़ रुपए रही थी।
तीसरी तिमाही में अडानी पोर्ट की EBITDA सालाना आधार पर 2598.9 करोड़ रुपए से बढ़कर 2695.6 करोड़ रुपए पर रही है। हालांकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 2950 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया था। इस अवधि में कंपनी का EBITDA मार्जिन सालाना आधार पर 64 फीसदी से घटकर 56.3 फीसदी पर रहा है। हालांकि CNBC-TV18 के पोल में इसके 62.1 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था।
Adani Ports ने आगे का गाइडेंस देते हुए कहा है कि वित्त वर्ष 2024 में कंपनी का EBITDA 14500-15000 करोड़ रुपए पर रह सकता है। कंपनी ने ये भी कहा है कि वित्त वर्ष 2024 में अपनी विस्तार योजनाओं पर 4000-4500 का निवेश करेगी। इस अवधि में कंपनी का नेट डेट टू एबिटडा में 2.5 गुना की कमी आएगी।
Adani Ports की चाल पर नजर डालें तो 3 बजे के आसपास ये शेयर 7.50 अंक यानी 1.38 फीसदी की बढ़त के साथ 554 रुपए के आसपास दिख रहा है। आज का इस शेयर का दिन का हाई 598.45 रुपए का और दिन का लो 543.00 रुपए रहा है। स्टॉक का 52 वीक हाई 987.85 रुपए और 52 वीक लो 395.10 रुपए का है। स्टॉक का वॉल्यूम 43,725,831 शेयर है। कंपनी का मार्केट कैप 120006 करोड़ रुपए है।