Bharti Airtel ने लोकल मनी मार्केट से 3000 करोड़ रुपये तक का कर्ज लेकर 5G स्पेक्ट्रम के लिए 8312.4 करोड़ रुपए का पेमेंट कर दिया है। 5G स्पेक्ट्रम के पेमेंट का आज यानि 17 अगस्त को आखिरी दिन है। हाल में हुई नीलामी में भारती एयरटेल ने 5जी स्पेक्ट्रम के लिए बोली लगाई थी। भारती एयरटेल कमर्शियल पेपर्स (CP) के जरिए यह पैसे जुटाएगी। इन सीपी की मैच्योरिटी 12 महीने तक की है। ईटी की रिपोर्ट के मुताबिक, SBI Mutual Fund भारती एयरटेल के 1,000 करोड़ रुपये मूल्य के सीपी खरीदने के लिए तैयार है। एसबीआई म्यूचुअल फंड फरवरी में मैच्योर होने वाले सीपी खरीद सकता है। इस सीपी का इंटरेस्ट रेट 6.53 फीसदी है।
इस महीने की शुरुआत में इंडिया में पहली बार 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी हुई थी। भारती एयरटेल ने 43,084 करोड़ रुपये मूल्य के स्पेक्ट्रम खरीदा था। अगर एयरटेल सालाना 20 किस्तों में 5जी स्पेक्ट्रम की कीमत चुकाना चाहे तो उसकी पहली किस्त 3,848 रुपये की होगी। DoT की वेबसाइट पर लगे नोटिस के मुताबिक, यह पैसा भारती एयरटेल को 17 अगस्त तक डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम को चुकाना है।
ईटी ने एक सूत्र के हवाले से बताया है, "एयरटेल बड़े म्यूचुअल फंड्स और ग्लोबल और लोकल बैंकों से बातचीत कर रही है।" अनुमान है कि भारती एयरटेल स्पेक्ट्रम का पेमेंट सालाना किस्तों में करने के ऑप्शंस का चुनाव कर सकती है।
उधर, वोडाफोन आइडिया भी 5जी स्पेक्ट्रम के लिए पैसे जुटाने की कोशिश कर रही है। इस मामले से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि वह 1,600-1,700 करोड़ रुपये जुटाने के लिए कुछ सरकारी बैंकों से बातचीत कर रही है।
भारती एयरटेल ने पैसे के लिए बार्कलेज, बीएनपी पारिबा, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और कुछ सरकारी और प्राइवेट बैंकों से बात की है। बार्कलेज, बीएनपी पारिबा और सिटी ने इस बारे में टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। एयरटेल ने नॉन-स्टैंडएलोन मोड के इस्तेमाल से 5जी सेवाएं शुरू करने का ऐलान किया है। वह अगले साल मार्च तक देशभर में 5जी टेलीकॉम सेवाएं शुरू कर देना चाहती है।
भारती एयरटेल के चीफ एग्जिक्यूटिव गोपाल विट्टल ने हाल में कहा था कि देश के 5000 छोटे-बड़े शहरों में 5जी सेवाएं शुरू करने के लिए कंपनी पूरी तैयारी कर चुकी है। 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी में बोली लगाने के लिहाज से भारती एयरटेल दूसरे नंबर पर थी। सबसे ज्यादा 88,078 करोड़ रुपये की बोली जियो ने लगाई थी। वोडाफोन आइडिया ने 18,799 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी।