Adani Enterprises Q3 Result : अडानी ग्रुप की कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 820 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 11.63 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इसके अलावा, कंपनी के ऑपरेशन से होने वाले रेवेन्यू में 42 फीसदी का उछाल देखने को मिला है और यह 26,612.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह 18,757.9 करोड़ रुपये था।
तिमाही के दौरान, अडानी न्यू इंडस्ट्रीज सप्लाई चेन इकोसिस्टम के सौर मॉड्यूल की वॉल्यूम 63 प्रतिशत बढ़कर 430 मेगावाट हो गई, इंटीग्रेटेड रिसोर्स मैनेजमेंट की वॉल्यूम 8 फीसदी बढ़कर 15.8 एमएमटी हो गई और माइनिंग सर्विसेज का प्रोडक्शन वॉल्यूम 6.2 MMT हो गया।
EBITDA सालाना आधार पर दोगुनी होकर 1,968 करोड़ रुपये हो गई है। मार्जिन सालाना आधार पर 4.1 फीसदी से सुधरकर 6.1 फीसदी हो गया है। ब्लूमबर्ग का अनुमान था कि कंपनी 29,245 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज कर सकती है, वहीं मुनाफा 582.80 करोड़ रुपये का हो सकता है। अदानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने कहा, "हमारी फंडामेंटल मजबूती मेगा-स्केल इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को एग्जीक्यूट करने की क्षमता है। इसके साथ ही, हमारा ऑर्गेनाइजेशनल डेवलपमेंट और असाधारण O&M मैनेजमेंट स्किल दुनिया में सबसे बेहतर है।
उन्होंने आगे कहा, "हमारी सफलता की वजह मजबूत गवर्नेंस, सख्त रेगुलेटरी कंप्लायंस, लगातार बेहतर प्रदर्शन और सॉलिड कैशफ्लो जनरेशन है। वर्तमान में शेयरों में हो रहा उतार-चढ़ाव अस्थायी है। AEL दो उद्देश्यों के साथ काम करना जारी रखेगी, जिसमें मॉडरेट लीवरेज और विस्तार व ग्रोथ के रणनीतिक अवसरों की तलाश करना शामिल है।"
तिमाही नतीजों के बाद कंपनी के शेयरों में उछाल देखने को मिल रहा है। इस समय अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर लगभग 5 फीसदी चढ़कर 1,802.95 रुपये के भाव पर पहुंच गया है। वहीं, इसमें आज इंट्राडे में 6 फीसदी तक की तेजी देखी गई है और एक समय पर यह 1,833.25 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा था।