Adani Enterprises Q1 Result : अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान किया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 44 फीसदी बढ़ा है और यह 674 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 469 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। एक्सचेंज फाइलिंग में कहा गया है कि ऑपरेशन से कंपनी का राजस्व 25,438 करोड़ रुपये रहा, जो पिछली तिमाही के 40,844 करोड़ रुपये से 38 फीसदी कम है। अदाणी एंटरप्राइजेज ने गिरावट का कारण कोयले की कीमतों में करेक्शन को बताया।
अदाणी एंटरप्राइजेज की अन्य आय एक साल पहले के 222 करोड़ रुपये से बढ़कर Q1 में 371.5 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी ने कहा कि "मजबूत ऑपरेशनल ग्रोथ के कारण" उसका EBITDA सालाना 47 फीसदी बढ़कर 2,896 करोड़ रुपये हो गया। अदानी एंटरप्राइजेज में डेटा सेंटर, एयरपोर्ट, सड़क, सोलर मैन्युफैक्चरिंग, विंड टरबाइन मैन्युफैक्चरिंग और माइनिंग जैसे कई बिजनेस शामिल हैं। यह स्टॉक आज 3 अगस्त को NSE पर 2.48 फीसदी की बढ़त के साथ 2,535 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, "हर तिमाही, साल दर साल और तीन दशकों में, अदाणी एंटरप्राइजेज ने न केवल भारत के सबसे सफल बिजनेस इनक्यूबेटर के रूप में, बल्कि इन्फ्रॉस्ट्रक्चर डेवलपमेंट में एक ग्लोबल पावरहाउस के रूप में भी अपनी प्रतिष्ठा साबित की है।"
कंपनी ने कहा कि उसके डेटा सेंटर बिजनेस के पास हाइपरस्केल और एंटरप्राइज ग्राहकों से 110 मेगावाट की ऑर्डरबुक है। तिमाही के दौरान अदाणी एयरपोर्ट्स ने 2.13 करोड़ यात्रियों (सालाना 27 फीसदी अधिक) और 2.5 लाख मीट्रिक टन कार्गो (सालाना 9 फीसदी अधिक) को हैंडल किया।
कंपनी जिन सड़कों का निर्माण कर रहा है उनमें से कई पूरी होने के अलग-अलग स्टेज में हैं, जिनमें से अधिकांश विकसित सड़क 58 फीसदी पूरी हो गई है जबकि सबसे कम डेवलप सड़क 10 फीसदी पूरी हो गई है। कंपनी के नए इंडस्ट्रीज के लिए सोलर मॉड्यूल की बिक्री 87 फीसदी बढ़कर 614 मेगावाट हो गई। इसके विंड टरबाइन प्लांट से ब्लेड मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी कमर्शियल प्रोडक्शन के लिए तैयार है। अपने माइनिंग बिजनेस के लिए तिमाही के दौरान कारमाइकल माइन, ऑस्ट्रेलिया का उत्पादन 2.6 MMT था।