Adani Enterprises Q4 Results: मार्च तिमाही में 38% घटा मुनाफा, हर शेयर पर मिलेगा 1.3 रुपये का डिविडेंड

Adani Enterprises march quarter results : कंपनी के मुनाफे में गिरावट की मुख्य वजह एक्सेप्शनल एक्सपेंडिचर और कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी है। तिमाही नतीजों के बीच अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 1.03 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 3022.70 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है

अपडेटेड May 02, 2024 पर 3:54 PM
अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज ने FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।

Adani Enterprises Q4 Results: अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज ने FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 38 फीसदी घट गया है। इस दौरान कंपनी ने 451  करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 722 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट कमाया था। मुनाफे में इस गिरावट की मुख्य वजह एक्सेप्शनल एक्सपेंडिचर और कच्चे माल की लागत में बढ़ोतरी है। तिमाही नतीजों के बीच अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 1.03 फीसदी की गिरावट आई है और यह स्टॉक BSE पर 3022.70 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।

Adani Enterprises के रेवेन्यू में मामूली उछाल

Adani Enterprises की एक्सचेंज फाइलिंग से पता चलता है कि वित्तीय वर्ष की चौथी तिमाही में अदाणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर करीब 1 फीसदी बढ़कर 29,180 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने 28,944 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। इस दौरान कंपनी का EBITDA 11 फीसदी घटकर 3,195 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल यह इसी अवधि में 3,607 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, मार्च तिमाही में कंपनी का मार्जिन 10.9 फीसदी हो गया, जो कि पिछले साल 12.5 फीसदी था। अदानी एंटरप्राइजेज ने पूरे वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 1.3 रुपये प्रति शेयर का डिविडेंड भी घोषित किया।


क्या है Adani Enterprises का मुनाफा गिरने की वजह?

अनुमान है कि अदाणी एंटरप्राइजेज की चौथी तिमाही की कमाई पर सबसे बड़ी मार ऑपरेटिंग कॉस्ट से पड़ी है, जो सालाना आधार पर 31 फीसदी बढ़कर 9,324 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान कंज्यूम की गई मटेरियल की लागत सालाना दोगुनी से अधिक होकर 2,824 करोड़ रुपये हो गई, जो पहले 1,324 करोड़ रुपये थी। नतीजों के मुताबिक तिमाही में कंपनी का कुल खर्च सालाना 2 फीसदी बढ़कर 28,309 करोड़ रुपये हो गया, जो कुल आय में हुए लाभ से अधिक है।

इसके अलावा मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाली अदाणी ग्रुप की कंपनी ने मार्च 2022 से सितंबर 2022 की अवधि के खर्च के रूप में मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की एनुअल फीस के लिए 627 करोड़ रुपये का एक्सेप्शनल लॉस उठाया।

Adani Enterprises की 1 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी

मिंट की हालिया रिपोर्ट के अनुसार अदानी एंटरप्राइजेज मुंबई एयरपोर्ट और फर्म के सोलर पैनल बिजनेस के लिए अमेरिका और यूरोप में निवेशकों से 1 अरब डॉलर तक जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। रिपोर्ट में सूत्रों का हवाला देते हुए कहा गया है कि एयरपोर्ट ऑपरेटर एयरपोर्ट एरिया का विस्तार करने और पैसेंजर हैंडलिंग कैपिसिटी को तीन गुना करने की योजना बना रहा है।

अदाणी ग्रुप ने 2050 तक अपने पोर्ट, पावर और सीमेंट ऑपरेशन को नेट जीरो एमिशन बनाने के लिए ग्रीन एनर्ची परिवर्तन में अगले 10 सालों में 100 अरब डॉलर से अधिक का निवेश करने की भी योजना बनाई है। ग्रुप ग्रीन हाइड्रोजन के उपयोग को बढ़ावा देने की भी योजना बना रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।