Adani Wilmar Q2 Result : अदाणी विल्मर ने मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी को 131 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में उसे 49 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, जून 2023 को समाप्त तिमाही में कंपनी को ₹78.92 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ था। इसका मतलब है कि पिछली तिमाही के मुकाबले कंपनी का घाटा 65.6 फीसदी बढ़ गया है। आज 1 नवंबर को अदाणी विल्मर के शेयर 2.95 फीसदी की गिरावट के साथ 316.85 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहे हैं।
तिमाही के दौरान अदाणी विल्मर का ऑपरेशन से रेवेन्यू सालाना आधार पर 14,150.03 करोड़ रुपये से 13.3 फीसदी गिरकर 12,267.15 करोड़ रुपये हो गया। हालांकि तिमाही के दौरान कुल खर्च घटकर 12,439.45 करोड़ रुपये रह गया, लेकिन यह घाटे को कम करने के लिए पर्याप्त नहीं था।
तिमाही के दौरान EBITDA 144 करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले वित्त वर्ष के 254 करोड़ रुपये से सालाना 43 फीसदी कम है। वहीं, मार्जिन पिछले साल के 1.8 फीसदी से 60 बेसिस प्वाइंट गिरकर 1.2 फीसदी हो गया।
कंपनी ने पिछले महीने कहा था कि एडिबल ऑयल की कम कीमतों के कारण सितंबर तिमाही में उसकी प्रॉफिटेबिलिटी दबाव में रही। कंपनी ने बीएसई फाइलिंग में कहा, "हाल के महीनों में इंडस्ट्री द्वारा अत्यधिक आयात ने भी कमजोर प्रदर्शन में योगदान दिया है।"
कैसा रहा है शेयरों का प्रदर्शन
साल की शुरुआत में अमेरिकी शॉर्ट-सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अदाणी विल्मर के शेयरों में बड़ी गिरावट देखी गई थी। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में करीब 5 फीसदी की गिरावट आई है। वहीं, पिछले 6 महीनों में यह शेयर 24 फीसदी टूट चुका है। इस साल अब तक इसके निवेशकों को 48 फीसदी का नुकसान हुआ है। पिछले एक साल में यह स्टॉक 56 फीसदी गिरा है।
अदाणी विल्मर ने मजबूत डबल डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी के प्रोडक्ट्स की ग्रामीण बिक्री में बढ़ोतरी देखी गई है। हालांकि, वॉल्यूम बढ़ने के बावजूद बिक्री के मूल्य में सालाना आधार पर गिरावट आई।
FY24 में दूसरी वित्तीय तिमाही में अदाणी विल्मर के एडिबल ऑयल सेगमेंट में पिछले वर्ष की तुलना में 5 फीसदी की ग्रोथ देखी गई, लेकिन वैल्यू ग्रोथ 19 फीसदी कम हो गई। Q2 में इस सेगमेंट ने कंपनी के स्टैंडअलोन रेवेन्यू में लगभग 74 फीसदी का योगदान दिया।