Adani Wilmar Q4 Results : अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी विल्मर (Adani Wilmar) ने वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 59 फीसदी घटकर 93.61 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी ने पिछले साल की समान तिमाही में 219.23 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला राजस्व सालाना आधार पर 7 फीसदी घटकर 13,872.64 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 14,917.26 करोड़ रुपये था।
पूरे FY23 में कैसा रहा प्रदर्शन?
पूरे FY23 में अदाणी विल्मर का राजस्व 58,185 करोड़ रुपये रहा, जबकि प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स (PAT) 582 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले वित्तीय वर्ष में 803.73 करोड़ रुपये के मुनाफे से 28 फीसदी कम है। हालांकि, इस अवधि के दौरान ऑपरेशन से इसका राजस्व 7 फीसदी से अधिक बढ़कर 58,184.81 करोड़ रुपये हो गया।
इससे पहले अपने तिमाही अपडेट में अदाणी विल्मर ने कहा था कि FY23 में इसका कारोबार 55,000 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। कंपनी के वॉल्यूम में सालाना आधार पर 14 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। अडानी ग्रुप की इस फर्म ने फूड और FMCG सेगमेंट में FY23 में राजस्व में 55 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है।
50 लाख मीट्रिक टन बिक्री का आंकड़ा पार
इस बीच, अदाणी विल्मर ने FY23 के दौरान 50 लाख मीट्रिक टन बिक्री के आंकड़े को पार कर लिया है। फूड सेगमेंट का रेवेन्यू 2 साल में दोगुना होकर करीब 4,000 करोड़ रुपये हो गया है। वित्त वर्ष 23 में गेहूं के आटे और चावल दोनों बिजनेस ने राजस्व में 1,000 करोड़ रुपये को पार कर लिया।
4 फीसदी से ज्यादा टूट गए शेयर
आज के कारोबार में अदाणी विल्मर के शेयरों में 4.59 फीसदी की बड़ी गिरावट देखने को मिली है। यह स्टॉक NSE पर 396.40 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। पिछले 6 महीनों में कंपनी के शेयरों में 42 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।