Aditya Birla Capital Q4 results: आदित्य बिड़ला कैपिटल ने आज 13 मई को FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी-मार्च तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 33 फीसदी बढ़ गया है। कंपनी ने इस अवधि में 812 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 609 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 2.91 फीसदी की तेजी देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 222.60 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इसके साथ ही कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 57,891 करोड़ रुपये हो गया है।
कैसे रहे Aditya Birla Capital के तिमाही नतीजे
मार्च तिमाही में आदित्य बिड़ला कैपिटल का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू Q4FY23 में 9146 करोड़ रुपये से 32 फीसदी बढ़कर 12079 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का ओवरऑल लेंडिंग पोर्टफोलियो सालाना आधार पर 31 फीसदी और तिमाही आधार पर 8 फीसदी बढ़कर 1,24,059 करोड़ रुपये हो गया है। तिमाही में कुल AUM सालाना 21 फीसदी बढ़कर 4,36,442 करोड़ रुपये हो गया।
हाउसिंग फाइनेंस बिजनेस की बात करें तो वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में डिसबर्समेंट सालाना आधार पर 64 फीसदी बढ़कर 2,933 करोड़ रुपये और वित्त वर्ष 2024 में सालाना आधार पर 59 फीसदी बढ़कर 8,450 करोड़ रुपये हो गया। लोन पोर्टफोलियो भी तिमाही आधार पर 11 फीसदी और सालाना 33 फीसदी बढ़कर 18,420 करोड़ रुपये हो गया।
इश्योरेंस बिजनेस के तहत लाइफ इंश्योरेंस बिजनेस में इंडिविजुअल फर्स्ट ईयर प्रीमियम सालाना 2 फीसदी बढ़कर वित्त वर्ष 2024 में 3,074 करोड़ रुपये हो गया। हेल्थ इंश्योरेंस बिजनेस में स्टैंडअलोन हेल्थ इंश्योरेंस कंपनियों के बीच वित्त वर्ष 2024 में मार्केट शेयर सालाना 81 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 11.2 फीसदी हो गई।
Aditya Birla Capital ने लॉन्च किया है डिजिटल प्लेटफॉर्म
पिछले महीने कंपनी ने अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म आदित्य बिड़ला कैपिटल डिजिटल लॉन्च किया था। लॉन्च के अवसर पर बोलते हुए आदित्य बिड़ला ग्रुप के अध्यक्ष कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि प्लेटफॉर्म का मकसद ग्राहकों को सहज तरीके से प्राप्त करना है। उनका लक्ष्य अगले तीन सालों में प्लेटफॉर्म के माध्यम से 3 करोड़ ग्राहक जोड़ने का है।