Asian Paints Q1 Result : एशियन पेंट्स (Asian Paints) ने वित्त वर्ष 2024 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 52 फीसदी का उछाल आया है और यह बढ़कर 1574.84 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 1036.03 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। वहीं, पिछली तिमाही में 1,268.41 करोड़ रुपये से जून तिमाही का मुनाफा 24 फीसदी बढ़ा है।
FMCG कंपनी ने एक रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि जून तिमाही में कंपनी का कुल राजस्व 9,182.31 करोड़ रुपये है, जो एक साल पहले की तिमाही में 8,606.94 करोड़ रुपये से 6.68 फीसदी अधिक है। वहीं, पिछली तिमाही के 8,787.34 करोड़ रुपये से राजस्व 4.49 प्रतिशत बढ़ गया है।
तिमाही नतीजों की घोषणा के बीच कंपनी के शेयरों में आज 25 जुलाई को 3.77 फीसदी की गिरावट देखी गई है। इस समय शेयर 3,409.95 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
कंपनी के MD और CEO ने क्या कहा?
एशियन पेंट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO अमित सिंगले ने कहा, "हमारे डोमेस्टिक डेकोरेटिव बिजनेस में डबल डिजिट वॉल्यूम ग्रोथ देखी गई है। इसने तुलनात्मक रूप से हेल्दी वैल्यू ग्रोथ दर्ज की है। ऑटो OE और जनरल इंडस्ट्रियल कोटिंग बिजनेस दोनों ने प्रोटेक्टिव और पाउडर कोटिंग्स सेगमेंट में वृद्धि के कारण मजबूत डबल डिजिट रेवेन्यू ग्रोथ हासिल की।"