Bajaj Auto Q1 Results: बजाज ऑटो के जून 2023 तिमाही के नतीजे शानदार रहे हैं। कंपनी का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल आधार पर 42 फीसदी बढ़कर 1665 करोड़ रुपए रहा। एक साल पहले की इसी अवधि में बजाज ऑटो का नेट प्रॉफिट 1173 करोड़ रुपए था। इस दौरान बजाज ऑटो का रेवेन्यू 29 फीसदी तेजी के साथ 10,309 करोड़ रुपए रही। यह पिछले साल की इसी अवधि में 8005 करोड़ रुपए था। बजाज ऑटो का प्रॉफिट और रेवेन्यू दोनों अनुमान से कुछ कम रहा है।
अप्रैल-जून तिमाही में Bajaj Auto का EBITDA सबसे ज्यादा 1954 करोड़ रुपए रहा। साल-दर-साल आधार पर इसकी ग्रोथ 51 फीसदी रही है। वहीं कंपनी का मार्जिन 2.80 फीसदी बढ़कर 19 फीसदी पर है।
प्राइस और कॉस्ट के बीच बेहतर तालमेल मिलाने के कारण कंपनी अपने मार्जिन को बेहतर बना पाई है। इसके साथ ही बेहतर फॉरेन एक्सचेंज रियलाइजेशन और ऑपरेटिंग लीवरेज से भी कंपनी को फायदा हुआ है।
Bajaj Auto ने बताया कि जून तिमाही में अफ्रीका और लैटिन अमेरिका में उसकी गाड़ियों की डिमांड बढ़ी है। कंपनी ने ये भी बताया कि जून तिमाही में 2000 करोड़ रुपए का फ्री कैश फ्लो बढ़ा है।
Bajaj Auto के शेयर 25 जुलाई को दोपहर 2 बजे 0.30 फीसदी गिरकर 4867.90 रुपए पर कारोबार कर रहे हैं। पिछले 6 महीनों में Bajaj Auto के शेयर 31.14% रिटर्न दे चुके हैं।