बजाज इलेक्ट्रिकल्स (Bajaj Electricals) ने आज मंगलवार को वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। मार्च तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 34.08 फीसदी बढ़कर 51.85 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 38.67 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। कंपनी के बोर्ड ने 200 फीसदी के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश की है। शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2022-23 में 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 4 रुपये का डिविडेंड दिया जाएगा।
बजाज इलेक्ट्रिकल्स ने बताया कि कंपनी का ऑपरेशन से होने वाला राजस्व बढ़कर 1473.54 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2022 तिमाही में 1293.26 करोड़ रुपये था। इस दौरान कुल खर्च 1,442.73 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले इसी अवधि में 1,299.61 करोड़ रुपये था। बजाज इलेक्ट्रिकल्स की कुल आय मार्च 2023 तिमाही में 12.3 फीसदी बढ़कर 1,522.11 करोड़ रुपये हो गई।
अलग-अलग सेगमेंट का कैसा रहा प्रदर्शन
कंपनी का कंज्यूमर प्रोडक्ट्स सेगमेंट से राजस्व तिमाही में 8.64 फीसदी बढ़कर 986.53 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 907.99 करोड़ रुपये था। लाइटिंग सॉल्यूशन सेगमेंट में Q4 FY22 में 302.30 करोड़ रुपये के मुकाबले 305.44 करोड़ का राजस्व दर्ज किया गया।
इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) से राजस्व वित्त वर्ष 23 की चौथी तिमाही में 59.75 फीसदी बढ़कर 198.14 करोड़ रुपये हो गया। वित्तीय वर्ष 23 में ऑपरेशन से कंसोलिडेटेड राजस्व 5,339.69 करोड़ था, जो पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 12.94 फीसदी अधिक है।
Bajaj Electricals में 1.64 फीसदी की तेजी
Bajaj Electricals के शेयरों में आज 1.64 फीसदी की तेजी देखी गई। यह स्टॉक NSE पर 1,221 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस स्टॉक ने पिछले एक महीने में 13 फीसदी का रिटर्न दिया है। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर 23 फीसदी चढ़ चुके हैं।