Bajaj Finance Q4 Results : फाइनेंशियल सर्विसेज फर्म बजाज फाइनेंस लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2022-23 की चौथी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। मार्च तिमाही में कंपनी के कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट में 30 फीसदी का उछाल देखने को मिला है और यह बढ़कर 3,158 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। पिछले वर्ष की समान तिमाही में कंपनी को 2,419 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। इसके अलावा, कंपनी के बोर्ड ने मार्च में समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए 30 रुपये प्रति शेयर के डिविडेंड का ऐलान भी किया है।
नेट इंटरेस्ट इनकम में 28% का उछाल
मार्च तिमाही में बजाज फाइनेंस की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 28 फीसदी बढ़कर 7,771 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। जबकि एक साल पहले की समान अवधि में यह 6,061 करोड़ रुपये थी। इसके अलावा, चौथी तिमाही में नेट इंटरेस्ट इनकम का ऑपरेटिंग खर्च 34.1 फीसदी रहा, जबकि FY22 की चौथी तिमाही में यह 34.5 फीसदी था।
कैसे रहे कंपनी के तिमाही नतीजे
कंपनी के ऑपरेशन से होने वाले रेवेन्यू में भी 31.68 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह 11,359.59 करोड़ रुपये हो गया है। एक साल पहले की समान अवधि में यह 8,626.06 करोड़ रुपये था। 31 मार्च 2023 तक ग्रॉस एनपीए 0.94 फीसदी और नेट एनपीए 0.34 प्रतिशत रहा, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 1.60 फीसदी और 0.68 प्रतिशत था।
तिमाही के दौरान बुक किए गए नए लोन की संख्या 62.8 लाख की तुलना में 20 फीसदी बढ़कर 75.6 लाख हो गई। 31 मार्च 2023 तक कस्टमर फ्रैंचाइजी 20 फीसदी बढ़कर 691.4 लाख हो गई, जबकि 31 मार्च 2022 तक यह आंकड़ा 575.7 लाख था। कंपनी की कस्टमर फ्रेंचाइजी में 30.9 लाख की वृद्धि हुई।
31 मार्च 2023 तक एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 29 प्रतिशत बढ़कर 247379 करोड़ रुपये हो गया, जबकि 31 मार्च 2022 तक 192,087 करोड़ रुपये का कोर एयूएम था। Q4 में AUM की वृद्धि अब तक की सबसे अधिक 16,537 करोड़ रुपये थी।