Bajaj Finserv Q1 Result : बजाज फिनसर्व (Bajaj Finserv) ने FY24 की पहली तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 48.4 फीसदी बढ़ा है और यह 1942.6 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 1,309 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 46.5 फीसदी बढ़कर 23,280 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 15,888.3 करोड़ रुपये थी। इस समय Bajaj Finserv के शेयरों में 0.49 फीसदी की मामूली तेजी है और यह 1,634.40 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है।
बजाज फाइनेंस ने जून तिमाही में अपने कस्टमर फ्रेंचाइजी में 38.4 लाख की वृद्धि दर्ज की है जो कि अब तक किसी भी तिमाही में सबसे अधिक है। इसके अलावा, कंपनी के नए लोन बुक का आंकड़ा 99.4 लाख पर पहुंच गया है और यह भी एक रिकॉर्ड है। यही वजह है कि कंपनी के मुनाफे में मजबूत ग्रोथ देखने को मिली है।
बजाज फाइनेंस का मुनाफा 32 फीसदी बढ़ा
जून तिमाही में बजाज फाइनेंस का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स 3,437 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 32 फीसदी अधिक है, जिससे बजाज फिनसर्व के आंकड़ों में भी मदद मिली। बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस की होल्डिंग कंपनी है। इसके पास बजाज फाइनेंस में 52.49 फीसदी हिस्सेदारी है।
कैसा रहा बजाज आलियांज का प्रदर्शन
बजाज फिनसर्व के अंतर्गत एक अन्य कंपनी बजाज आलियांज जनरल इंश्योरेंस (BAGIC) है। जून तिमाही में BAGIC का ग्रॉस रिटन प्रीमियम 23 फीसदी बढ़ा। बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ने जून तिमाही में इंडिविजुअल रेटेड नए बिजनेस प्रीमियम में 15 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की। नतीजतन, बजाज फाइनेंशियल सिक्योरिटीज की कंसोलिडेटेड टोटल इनकम और प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स में क्रमशः 47 प्रतिशत और 48 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कंपनी ने कहा कि इसके चलते एक बार फिर अब तक का सबसे अधिक तिमाही मुनाफा हुआ।