Bank of Baroda Q2 Results : पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ बड़ौदा ने मौजूदा वित्त वर्षी की दूसरी तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 28.4 फीसदी बढ़कर 4,253 करोड़ रुपये हो गया है। इस अवधि के दौरान ऑपरेशन से कुल आय सालाना आधार पर 39 फीसदी बढ़कर 32,033 करोड़ रुपये हो गई। कल शुक्रवार को बैंक के शेयरों में 1.88 फीसदी की तेजी देखी गई और यह स्टॉक 203.75 रुपये के भाव पर बंद हुआ है।
सितंबर तिमाही के दौरान नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) यानी अर्जित ब्याज और खर्च किए गए ब्याज के बीच का अंतर सालाना आधार पर 6.5 फीसदी बढ़कर 10,831 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान नॉन-इंटरेस्ट इनकम सालाना आधार पर दोगुनी से अधिक बढ़कर 4171 करोड़ रुपये हो गई। सितंबर तिमाही में प्रोविजन और कंटीजेंसी एक साल पहले के 1,627 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,161 करोड़ रुपये हो गए।
नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA)
सितंबर के अंत तक ग्रॉस NPA रेश्यो 3.32% रहा, जबकि एक साल पहले यह 5.31% और एक तिमाही पहले 3.51% था। सितंबर के अंत तक नेट NPA रेश्यो 0.76 फीसदी रहा, जबकि एक साल पहले यह 1.16% और एक तिमाही पहले 0.78% था। बेसल-III नियमों के तहत कैपिटल एडेक्वेंसी रेश्यो सितंबर के अंत तक 15.30 फीसदी रहा, जबकि एक साल पहले यह 15.25 फीसदी था।
पब्लिक सेक्टर बैंक ने कहा कि तिमाही में ग्लोबल नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 3.07 फीसदी रहा। तिमाही में ऑपरेटिंग प्रॉफिट सालाना 33 फीसदी बढ़कर 8,020 करोड़ रुपये हो गया। कॉस्ट-टू-इनकम रेश्यो एक साल पहले के 49.74 फीसदी से घटकर 46.54 फीसदी हो गया।
93.16% के प्रोविजन कवरेज रेश्यो के साथ बैंक की बैलेंस शीट मजबूत बनी रही। तिमाही के दौरान क्रेडिट कॉस्ट 1% से नीचे 0.92% रही। तिमाही के दौरान ग्लोबल एडवांस में मजबूत रिटेल लोन बुक ग्रोथ के कारण 17% की मजबूत वृद्धि देखी गई। ऑटो लोन, होम लोन, पर्नसल लोन, मॉर्गेज लोन और एजुकेशन लोन पर अधिक ध्यान देने के कारण ऑर्गेनिक रिटेल एडवांस में 22% की वृद्धि हुई। बैंक ने सालाना आधार पर 16% की वृद्धि दर्ज करते हुए 22.74 लाख करोड़ रुपये का कुल बिजनेस किया है।