Delhivery Q4 Result: रेवेन्यू दोगुना बढ़कर ₹2,072 करोड़ पर पहुंचा, घाटा पिछले साल जितना ही रहा

Delhivery का मार्च तिमाही में शुद्ध घाटा 120 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 118 करोड़ रुपये था

अपडेटेड May 30, 2022 पर 11:05 PM
साहिल बरुआ, डेल्हीवेरी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ

शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट हुई लॉजिस्टिक टेक कंपनी डेल्हीवेरी (Delhivery) ने सोमवार को मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका रेवेन्यू करीब दोगुना बढ़कर 2,072 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 1,003 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी का शुद्ध घाटा मार्च तिमाही में 120 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 118 करोड़ रुपये था।

कंपनी के सालाना आंकड़ों से पता चलता है कि वित्त वर्ष 2022 के दौरान उसका घाटा दोगुना से अधिक बढ़कर 1,011 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2021 में 415 करोड़ रुपये था। वहीं कंपनी की आमदनी वित्त वर्ष 2022 में करीब 89 फीसदी बढ़कर 6,882 करोड़ रुपये रही है।

मार्च तिमाही में Delhivery का ESOP सहित कर्मचारियों के बेनेफिट से जुड़ी योजनाओं पर लागत 98 करोड़ रुपये बढ़कर 341 करोड़ रुपये रही। वहीं पूरे वित्त वर्ष के दौरान यह करीब 115 फीसदी बढ़कर 1,313 करोड़ रुपये रहा।


यह भी पढ़ें- कारोबार में लॉस लेकिन 11 कंपनियां निवेशकों को डिविडेंड देने की तैयारी में, जानिए क्या है खेल!

25 मई को लिस्ट हुई थी डेल्हीवेरी

बता दें कि डेल्हीवेरी ने इसी महीने की 11 तारीख को अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च किया था। कंपनी ने अपने आईपीओ से करीब 5,235 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी के शेयर 25 मई को लिस्ट हुए थे और पहले ही दिन ये करीब 10 फीसदी की उछाल के साथ 537 रुपये पर बंद हुए थे।

सोमवार को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर कंपनी के शेयर 3.89 फीसदी की गिरावट के साथ 520.50 रुपये पर बंद हुए। लिस्टिंग के बाद से इसके शेयर करीब 3 फीसदी तक गिर चुके हैं।

2011 में शुरू हुई थी कंपनी

डेल्हीवेरी रेवेन्यू के लिहाज से देश की सबसे इंटीग्रेटेड लॉजिस्टिक सेवा मुहैया कराने वाली कंपनी है। जून 2011 में शुरू हुई डेल्हीवरी के 21,000 से अधिक ग्राहक हैं, जिनमें डायरेक्ट-टू-होम कंपनियां और ई-कॉमर्स फर्म शामिल हैं। गुरुग्राम स्थित ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स स्टार्टअप का पुरे भारत नेटवर्क है और वर्तमान में कंपनी देश के कुल 19,300 पोस्टल इंडेक्स नंबर (पिन) कोड में से 88 फीसदी यानी 17,045 पिन कोड पर सेवाएं दे रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।