Devyani International Q4 results: KFC चलाने वाली कंपनी को 49 करोड़ का घाटा, लेकिन रेवेन्यू में 39% का उछाल

Devyani International march quarter results: देवयानी इंटरनेशनल ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी ने चौथी तिमाही में 10 अरब रुपये के रेवेन्यू को पार कर एक अहम उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि थाईलैंड में अधिग्रहण और नए स्टोरों को जोड़ने सहित कई फैक्टर्स के चलते मिली है

अपडेटेड May 14, 2024 पर 1:35 PM
केएफसी, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी चलाने वाली कंपनी देवयानी इंटरनेशनल ने आज 14 मई को FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं।

केएफसी, पिज्जा हट और कोस्टा कॉफी चलाने वाली कंपनी देवयानी इंटरनेशनल ने आज 14 मई को FY24 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। जनवरी मार्च तिमाही में कंपनी ने 49 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट लॉस दर्ज किया है। कंपनी को एक साल पहले की समान अवधि में 60 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। नतीजों के बीच कंपनी के शेयरों में 0.39 फीसदी की मामूली तेजी आई है। इस समय यह स्टॉक BSE पर 156 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। कंपनी का मार्केट कैप 18,815 करोड़ रुपये है।

Devyani International का रेवेन्यू 39% उछला

हालांकि, देवयानी इंटरनेशनल (Devyani International) के रेवेन्यू में उछाल देखने को मिला है। रेगुलेटरी फाइलिंग में कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका टोटल रेवेन्यू 1047 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले के 754.9 करोड़ रुपये से 38.69 फीसदी अधिक है। तिमाही के दौरान कंपनी का EBIDTA 14.4 फीसदी बढ़कर 172.3 करोड़ रुपये रहा। EBITDA मार्जिन एक साल पहले की अवधि के 20 फीसदी की तुलना में 16.5 फीसदी दर्ज किया गया। इस तिमाही में कंपनी को वन-टाइम 42.3 करोड़ रुपये का लॉस हुआ।


Devyani International का रेवेन्यू 10 अरब रुपये के पार 

देवयानी इंटरनेशनल ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि कंपनी ने चौथी तिमाही में 10 अरब रुपये के रेवेन्यू को पार कर एक अहम उपलब्धि हासिल की है। यह उपलब्धि थाईलैंड में अधिग्रहण और नए स्टोरों को जोड़ने सहित फैक्टर्स के चलते मिली है। 2024 में भारत के लिए अनुमान बेहतर लग रहा है और कंपनी इस पॉजिटिव ट्रेंड का लाभ उठाने के लिए मजबूत स्थिति में है। इसके अलावा, देवयानी इंटरनेशनल ने भारत, नेपाल और नाइजीरिया में अपनी मौजूदगी से आगे बढ़ते हुए थाईलैंड मार्केट में एंट्री की है।

Devyani International का बयान

देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन रवि जयपुरिया ने कहा, "2024 में हमने अपने स्ट्रेटेजिक एक्सपेंशन गोल्स पर फोकस किया है। वर्ष के दौरान हमने 256 नए स्टोर खोले, जिनमें चौथी तिमाही में 47 शामिल हैं। 31 मार्च तक हमारे कुल स्टोर की संख्या 1782 तक पहुंच गई है, जिसमें 283 केएफसी स्टोर भी शामिल हैं, जिन्हें हमने 18 जनवरी 2024 को थाईलैंड में अधिग्रहित किया था।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।