DLF Q2 results : DLF ने 30 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2023-24 के दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलीडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 29 फीसदी की बढ़त के साथ 629 करोड़ रुपए रहा है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी को 477 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय हल्की बढ़त के साथ 1476 करोड़ रुपए पर रही है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 1360 करोड़ रुपए पर रही थी। सालाना आधार पर कंपनी का EBITDA 436.6 करोड़ रुपए से बढ़कर 462.4 करोड़ रुपए पर रहा है। वहीं, EBITDA मार्जिन 33.5 फीसदी से बढ़कर 34.3 फीसदी पर रही है। जबकि कंपनी के कारोबार से सरप्लस कैश जेनरेशन 1147 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
दूसरी तिमाही में कंपनी की सेल्स बुकिंग 57 फीसदी के ग्रॉस मार्जिन के साथ 2228 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। कंपनी ने बताया है कि दूसरी तिमाही के दौरान उसने कैश-पॉजिटिव स्टेटस हासिल कर लिया है। कंपनी ने कहा है कि उसने नेट डेट जीरो स्थिति (कर्ज मुक्त ) हासिल करने का अपना संकल्प पूरा कर लिया है। कंपनी लगातार नकदी सृजन के जरिए अपनी बैलेंस शीट को और मजबूत करना जारी रखेगी।
दूसरी तिमाही के कंपनी के ऑफिस पोर्टफोलियो की आय पर नजर डालें तो इस अवधि में डीएलएफ साइबर सिटी डेवलपर्स लिमिटेड का कंसोलीडेटेड रेवेन्यू 1463 करोड़ रुपये रहा है। इसमें साल-दर-साल 7 फीसदी की बढ़त हुई है। दूसरी तिमाही में डीएलएफ साइबर सिटी डेवलपर्स लिमिटेड का कंसोलीडेटेड मुनाफा 416 करोड़ रुपये रहा है। इसमें सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़त हुई है।
मार्केटकैप के लिहाज से डीएलएफ सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी है। इसने अब तक 330 मिलियन वर्ग फुट से अधिक क्षेत्रफल वाले 153 से ज्यादा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट डेवलप किए हैं। डीएलएफ ग्रुप के पास रेसीडेंसियल और कमर्शियल सेक्टर में 215 मिलियन वर्ग फुट की डेवलपमेंट क्षमता है। डीएलएफ ग्रुप के पास 40 मिलियन वर्ग फुट से ज्यादा की रेंटल प्रॉपर्टी है।