Marico Q2 results : मैरिको लिमिटेड ने 30 अक्टूबर को वित्त वर्ष 2024 की सितंबर तिमाही के कंसोलीडेटेड नतीजे जारी कर दिए हैं। 30 सितंबर 2023 को खत्म हुई दूसरी तिमाही में कंपनी को 360 करोड़ रुपये का कंसोलीडेटेड मुनाफा हुआ है। वहीं, दूसरी तिमाही में कंपनी को 345 करोड़ रुपए का मुनाफा होने का अनुमान लगाया गया था। इस अवधि में कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 17 फीसदी की बढ़त हुई है। पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी को 307 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था।
दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 2514 करोड़ रुपये रही
30 सितंबर 2023 को खत्म हुई दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 2514 करोड़ रुपये रही है। जबकि, इस अवधि में कंपनी की आय 2465 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलीडेटेड आय 2515 करोड़ रुपये पर रही थी।
EBITDA 433 करोड़ रुपए से बढ़कर 497 करोड़ रुपए पर रहा
सालाना आधार पर दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA 433 करोड़ रुपए से बढ़कर 497 करोड़ रुपए पर रहा है। हालांकि इसके 485 करोड़ रुपए पर रहने का अनुमान किया गया है। साल-दर-साल आधार पर दूसरी तिमाही में कंपनी का EBITDA मार्जिन 17.3 फीसदी से बढ़कर 20.1 फीसदी पर रहा। हालांकि इसके 19.7 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था। कंपनी ने 3 रुपए प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है।
घरेलू कारोबार में पहली छमाही में 3 फीसदी की ग्रोथ
कंपनी ने जुलाई-सितंबर तिमाही में लिवॉन स्टाइल प्रो रेंज और पैराशूट एडवांस्ड बॉडी वॉश और शावर जेल रेंज लॉन्च की है। कंपनी ने कहा है कि ग्रामीण मांग में सुस्ती और चुनौतीभरे माहौल के बावजूद घरेलू कारोबार में पहली छमाही में 3 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में बढ़त हो रही है। इस सालकी दूसरी छमाही में कंपनी घरेलू कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।